उमरिया जिले के चंदिया क्षेत्र सहित बिलासपुर, अमरपुर और पाली के ग्रामीण अंचलों में चैत्र नवरात्रि की दशमी तिथि पर जवारा विसर्जन किया गया। इस दौरान चंदिया के खेर माता मंदिर और बिलासपुर स्थित मां बिरासिनी मंदिर से श्रद्धालुओं ने जवारा कलश लेकर नगर भ्रमण किया। काली स्वरूप में नृत्य करते चले श्रद्धालु नगर भ्रमण के दौरान माता के जयकारे गूंजते रहे। बाजे-गाजे के साथ काली नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे देखने के लिए सड़कों और घरों की छतों पर भीड़ उमड़ी। कई श्रद्धालुओं ने खप्पर लेकर पारंपरिक काली स्वरूप में नृत्य किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जवारा कलश में दूध अर्पित किया और जवारा की हरियाली को शुभ मानकर दर्शन किए। बिलासपुर की मां बिरासिनी मंदिर से निकली कलश यात्रा निर्धारित मार्गों से गुजरी। वहीं, चंदिया के खेर माता मंदिर में जवारा कलश का विसर्जन मंदिर परिसर के पास स्थित तालाब में किया गया। नगर के अन्य मंदिरों से भी जवारा कलश यात्राएं निकाली गईं। विसर्जन के दौरान पुलिस बल तैनात विसर्जन कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। प्रमुख मार्गों पर पुलिस लगातार व्यवस्था संभालती दिखी ताकि श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। जवारा विसर्जन के बाद खेर माता मंदिर में जगराता का भी आयोजन किया गया। एक श्रद्धालु विकास ने बताया कि खेर माता मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जवारा कलश लेकर नगर भ्रमण करते हैं, जिससे काफी उत्साह रहता है।
Source link