उज्जैन. महाकाल की नगरी उज्जैन में ‘गंगा जल पी लो माता जी’ कहकर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने शहर में सुरक्षा और जागरूकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. धार्मिक आस्था और डर का फायदा उठाकर बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला को इस तरह अपने झांसे में लिया कि कुछ ही पल में साढ़े तीन लाख रुपए के गहने लेकर फरार हो गए. लूट की यह घटना न सिर्फ आपराधिक तरीके की नई चाल को उजागर करती है, बल्कि यह भी बताती है कि अपराधी अब मानसिक और भावनात्मक कमजोरियों को निशाना बना रहे हैं. हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पुलिस ने बताया कि ढांचाभवन इलाके में रहने वाली पीड़िता बुजुर्ग महिला राजू देवी मंदिर दर्शन के लिए निकली थीं, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि रास्ते में ही ठगी का शिकार बन जाएंगी. जिस तरह से बदमाशों ने ‘तंत्र-मंत्र’, ‘गंगा जल’ और ‘परिवार पर संकट’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया, उसने पूरे घटनाक्रम को और ज्यादा गंभीर बना दिया है. पुलिस अब इस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन शुरुआती हालात बताते हैं कि यह सुनियोजित गिरोह की करतूत हो सकती है. सीएसपी दीपिका शिंदे ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की उम्मीद है.
तंत्र-मंत्र और डर का जाल
राजू देवी हद्येश्वर महादेव मंदिर जा रही थीं, तभी बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे. पहले उन्होंने सामान्य बातचीत की और डॉक्टर का पता पूछा. इसके बाद पानी मांगा और बातचीत को आगे बढ़ाया. इसी दौरान एक युवक ने खुद को तंत्र-मंत्र जानने वाला बताया और महिला को डराया कि उनके बच्चों पर बड़ा संकट है.
गहनों पर ‘बुरा साया’ बताकर उतारवाए जेवर
बदमाशों ने महिला को समझाया कि उनके गहनों पर बुरा असर है और तुरंत उतार देना चाहिए. डर के माहौल में महिला ने अपनी सोने की चेन और कान के टॉप्स उतारकर उन्हें दे दिए. आरोपियों ने गहनों को रूमाल में बांधकर वापस देने का नाटक किया और कहा कि घर जाकर सुरक्षित रख लेना.
तीसरे आरोपी की एंट्री और ठगी की स्क्रिप्ट
इसी बीच तीसरा युवक भी मौके पर पहुंचा. उसने भी खुद को परेशान बताते हुए वही ‘उपाय’ अपनाने की बात कही. इससे महिला का भरोसा और बढ़ गया. तीनों आरोपियों ने मिलकर पूरी योजना को अंजाम दिया और महिला को पूरी तरह भ्रमित कर दिया.
‘गंगा जल’ के नाम पर पिलाया पानी
पीड़िता के अनुसार, बदमाशों ने एक बोतल से पानी पिलाया, जिसे गंगा जल बताया गया. पानी पीने के बाद महिला को चक्कर आने लगे और उन्हें कुछ याद नहीं रहा. यह संभावना भी जताई जा रही है कि पानी में कोई नशीला पदार्थ मिलाया गया हो.
होश आया तो गायब थे गहने और आरोपी
कुछ देर बाद जब महिला को होश आया, तो तीनों आरोपी मौके से फरार हो चुके थे. उनके पास मौजूद सोने के गहने भी गायब थे. ठगी की कुल रकम करीब साढ़े तीन लाख रुपए आंकी जा रही है.
सीसीटीवी बंद, जांच में चुनौती
घटना की सूचना मिलते ही देवासगेट पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे बंद मिले. इससे जांच में शुरुआती दिक्कत आई. पुलिस अब आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान की कोशिश कर रही है.