उज्जैन पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ में गुजरात के अहमदाबाद में हुई चोरी का खुलासा हुआ है। युवक को एक वृद्ध महिला से ठगी के मामले की जांच के दौरान पकड़ा गया। देवासगेट थाना क्षेत्र में 20 मार्च को महिला के कान के टॉप्स ठगने की घटना हुई थी। पुलिस इस मामले में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी और संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान रेलवे स्टेशन के पास एक युवक संदिग्ध हालत में घूमता मिला। उसने खुद को काम की तलाश में आया बताया, लेकिन उसके हाव-भाव पर शक होने पर पुलिस उसे थाने ले गई। बिहार का रहने वाला है आरोपी पूछताछ में युवक की पहचान मोहम्मद हसनैन (18), निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार के रूप में हुई। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अहमदाबाद में अपने मालिक की एक्टिवा और आईफोन चोरी करने की बात कबूल की। उसने बताया कि चोरी की गई स्कूटी अहमदाबाद रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी है। उज्जैन पुलिस ने तत्काल अहमदाबाद पुलिस से संपर्क किया। पता चला कि मोहम्मद हसनैन के खिलाफ अहमदाबाद में पहले से ही चोरी का मामला दर्ज है। अहमदाबाद पुलिस अब उसे लेने उज्जैन पहुंच रही है। फिलहाल, उज्जैन पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या मोहम्मद हसनैन का उज्जैन में हुई वृद्ध महिला से ठगी की वारदात से कोई संबंध है। उससे अन्य मामलों को लेकर भी पूछताछ जारी है।
Source link