मऊगंज में जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को बढ़ती महंगाई के विरोध में साइकिल रैली निकाली और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। इस प्रदर्शन में एलपीजी गैस की कीमतों में वृद्धि, पेट्रोल-डीजल की कमी और बिजली दरों में बढ़ोतरी को लेकर सरकार पर निशाना साधा गया। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित यह प्रदर्शन जिला कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुआ। साइकिल रैली मुख्य बाजार से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में लालटेन और खाली गैस सिलेंडर लेकर विरोध जताते हुए दिखाई दिए। कांग्रेस ने 1 अप्रैल 2026 से बिजली दरों में प्रस्तावित 4.80 प्रतिशत वृद्धि को भी अन्यायपूर्ण बताया। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि जहां आम उपभोक्ता और किसान महंगी बिजली से परेशान हैं, वहीं उद्योगपतियों को सस्ती दरों पर बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। पार्टी ने बढ़ी हुई दरों को तुरंत वापस लेने की मांग की। निष्पक्ष जांच की मांग प्रदर्शन के दौरान नईगढ़ी थाना क्षेत्र में विवेक कुमार विश्वकर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में निष्पक्ष जांच और दर्ज कथित झूठे प्रकरण को वापस लेने की भी मांग की गई। साथ ही, नगर परिषद मऊगंज के वार्ड क्रमांक 11 में अनुसूचित जाति-जनजाति के गरीब परिवारों के पुनर्वास के बाद ही विस्थापन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अच्छे दिन लेकर पुराने दिन लौटा दो पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “अच्छे दिन” का वादा किया था, लेकिन आज जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अच्छे दिन वापस ले लो, हमें हमारे पुराने दिन लौटा दो।” उन्होंने कहा कि गैस, पेट्रोल-डीजल और बिजली जैसी आवश्यक सुविधाएं भी आम लोगों को आसानी से उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। कार्यकर्ताओं द्वारा लालटेन और साइकिल का प्रतीकात्मक उपयोग करते हुए यह संदेश देने की कोशिश की गई कि हालात फिर पुराने दौर जैसे हो गए हैं। प्रदर्शन के दौरान स्मृति इरानी पर भी टिप्पणी करते हुए गैस सिलेंडर के मुद्दे को उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि महंगाई और अव्यवस्था के कारण आम जनता त्रस्त है और युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश महासचिव एवं पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना ने किया। उनके साथ युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस सहित कई प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल रहे।
Source link