Last Updated:
इंडियन प्रीमियर लीग में लगातार दमदार प्रदर्शन करने वाले स्पिनर हरप्रीत बराड़ ने इंडिया ए में मौका नहीं मिलने पर अपनी निराशा जाहिर की है. उन्होंने कहा कि वह लगातार कड़ी मेहनत कर रहे हैं, ताकि कम से कम इंडिया के लिए भी वो खेल जाएं. फिलहाल वह पंजाब किंग्स के सबसे प्रमुख गेंदबाजों में से एक हैं.
आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए खेलते हैं हरप्रीत बरार
नई दिल्ली: पंजाब किंग्स के बाएं हाथ के स्पिनर हरप्रीत बराड़ का इंडिया ए के लिए मौका नहीं मिलने पर दर्द छलका है. बराड़ ने कि पिछले पांच साल से इंडियन प्रीमियर लीग जैसे मंच पर लगातार अच्छा खेलने के बाद भी उन्हें भारत ए टीम में नहीं चुना गया, जिसे सोचकर उन्हें दुख होता है. 30 साल के इस खिलाड़ी ने 2019 में पंजाब किंग्स से जुड़ने के बाद से ही अपनी आईपीएल टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया है.
बराड़ को पहले दो सत्र में ज्यादा मौके नहीं मिले थे, लेकिन 2021 में उन्होंने एक ही मैच में विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल और एबी डिविलियर्स जैसे बड़े खिलाड़ियों को आउट किया तो ड्रेसिंग रूम में उनकी जगह पक्की हो गई. उनका आईपीएल का पहला विकेट कोहली का रहा. यह एक ऐसी बात है जिसे वह बड़े गर्व से अपने ‘बच्चों और उनके बच्चों’ को बताएंगे.
घरेलू क्रिकेट में पंजाब के लिए खेलते हैं हरप्रीत बराड़
बराड़ पंजाब के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं और इस सफर में भी उन्हें कई मुश्किलों से रूबरू होना पड़ा. पिछले पांच साल तक बेंच पर बैठने के बाद आखिरकार पिछले सत्र में उन्होंने रणजी ट्रॉफी में पदार्पण किया और चार मैच में 23 विकेट लेकर अपनी छाप छोड़ी. उन्होंने टी20 प्रारूप में अपना नाम बनाया है, लेकिन उन्हें लाल गेंद का क्रिकेट इतना अच्छा लगता है कि वह इस स्तर तक पहुंचने के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं.
उनके करियर में अगला कदम यह होगा कि वह सबसे पहले उसी प्रारूप (टी20) में भारत ए के लिए खेलें जिसमें वह पहले ही खुद को साबित कर चुके हैं. बराड़ को कभी-कभी दुख होता है कि जिन दूसरे खिलाड़ियों ने उनके बाद आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन किया उन्हें भारत ए में खेलने का मौका मिल गया जबकि उनका इंतजार लंबा होता जा रहा है. हालांकि वह अभी हार मानने के मूड में बिल्कुल नहीं हैं.
शुभमन और अभिषेक के ट्रेनिंग कर चुके हैं बराड़
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे अच्छा प्रदर्शन करके तैयार रहना होगा क्योंकि कभी भी बुलावा आ सकता है. इसलिए आप बस खुद को सकारात्मक रख सकते हैं. वर्ना जब कोई इंसान अकेला होता है तो कई बार ऐसा पल आता है जब आप खुद से पूछते हैं कि मेरा नाम कब आएगा? ’’ उन्हें अपने पंजाब के साथी शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह और अभिषेक शर्मा से बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी काबिलियत साबित कर चुके हैं. जब वे मोहाली में एक साथ ट्रेनिंग करते हैं तो बराड़ उनसे कुछ सीखने का कोई भी मौका नहीं छोड़ते.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें