बादल छाए, 2 दिन बारिश-ओले के आसार – Raisen News

बादल छाए, 2 दिन बारिश-ओले के आसार – Raisen News




भास्कर संवाददाता | रायसेन जिले में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से दोपहर तक तेज धूप और गर्मी का असर रहा। दोपहर बाद आसमान पर बादल छा गए। तेज हवाएं चलने लगीं। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिली है। आगामी दिनों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के साथ उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और आसपास बने ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवातीय परिसंचरण का असर क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। एक ट्रफ लाइन भी सक्रिय है। इससे वातावरण में अस्थिरता बढ़ी है। यही कारण है कि दिनभर तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रहा। किसान रहें सतर्क मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिन तक जिले में आंशिक बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है। हवा की दिशा में भी बदलाव हो रहा है। यह अब पश्चिम-उत्तर पश्चिम से बदलकर नमी लिए हुए हो सकती है। किसानों के लिए यह मौसम राहत और चिंता दोनों लेकर आया है। हल्की बारिश फसलों के लिए लाभकारी हो सकती है। ओलावृष्टि होने पर नुकसान की आशंका भी बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।



Source link