ट्रेन के टॉयलेट में मिली नवजात बच्ची, कलयुगी मां की तलाश में जुटी जीआरपी

ट्रेन के टॉयलेट में मिली नवजात बच्ची, कलयुगी मां की तलाश में जुटी जीआरपी


Last Updated:

Katni News: जांच अधिकारी जीआरपी के एसआई अनिल मरावी ने बताया कि नवजात बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसे स्पेशल केयर न्यूबॉर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है.

Zoom

कलयुगी मां ने बच्ची को ट्रेन के शौचालय में छोड़ दिया. (सांकेतिक तस्वीर)

रिपोर्ट- नारायण गुप्ता, कटनी. मध्य प्रदेश के कटनी जिले में एक बार फिर मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कलयुगी मां ने नवजात बच्ची को जन्म देने के बाद उसे ट्रेन के शौचालय में छोड़ दिया. मामला उत्कल एक्सप्रेस का है, जो कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशन पहुंचने पर सामने आया. घटना की जानकारी मिलते ही रेल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया. जानकारी के मुताबिक, ट्रेन में सफर कर रहा एक यात्री जब कोच के टॉयलेट में गया, तो वहां उसे एक नवजात शिशु पड़ा हुआ दिखाई दिया. यह देख वह घबरा गया और तुरंत रेलवे के आपातकालीन नंबर पर कॉल कर कंट्रोल रूम को सूचना दी. सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला.

जांच अधिकारी जीआरपी एसआई अनिल मरावी ने बताया कि नवजात शिशु को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसे स्पेशल केयर न्यूबॉर्न यूनिट (SCNU) में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों की निगरानी में शिशु का इलाज जारी है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. घटना के बाद जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

माता-पिता के खिलाफ करेंगे सख्त कार्रवाई
जीआरपी एसआई अनिल मरावी ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर नवजात को इस हालत में ट्रेन में किसने और क्यों छोड़ा. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और यात्रियों से पूछताछ कर रही है. फिलहाल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में माता-पिता की पहचान होते ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. यह घटना समाज में संवेदनहीनता की एक गंभीर तस्वीर पेश करती है.

वॉशरूम जाने के बहाने सौंपा बच्चा
बताते चलें कि करीब तीन महीने पहले भोपाल आ रही नर्मदा एक्सप्रेस में एक महिला ने अपना करीब 15 दिन का बच्चा एक युवती को सौंपा था. उसने वॉशरूम जाने के बहाने से बच्चा युवती को सौंपा था लेकिन वह वापस नहीं लौटी. युवती ने बताया था कि महिला की उम्र लगभग 30 साल रही होगी. महिला के काफी देर तक वापस न लौटने पर युवती ने आसपास उसकी तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला. वह रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर उतर गई. युवती बच्चे को लेकर सीधे अपने होटल पहुंची, जहां से होटल स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link