दतिया जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में सोमवार दोपहर हंगामे की स्थिति बन गई, जब ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर और कवरेज कर रहे पत्रकार के साथ अभद्रता व मारपीट की घटना सामने आई। इस पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार यह विवाद भांडेर क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे से जुड़ा है। भांडेर बस स्टैंड स्थित मठ के पास तेज रफ्तार महिंद्रा ट्रैक्टर ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी थी। हादसे में 21 वर्षीय संदीप अहिरवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां भारती अहिरवार और पिता राकेश अहिरवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों से अभद्रता की गई
घटना के बाद जब अस्पताल में घायलों का इलाज चल रहा था, उसी दौरान किसी बात को लेकर परिजनों का डॉक्टरों से विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद डॉ. राहुल शर्मा के साथ अभद्रता की गई। वहीं घटना की कवरेज कर रहे पत्रकार रवि दीप लिटौरिया के साथ भी झूमाझटकी और मारपीट की गई। सीसीटीवी फुटेज में ट्रामा सेंटर के भीतर अफरा-तफरी और धक्का-मुक्की का दृश्य साफ नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद डॉक्टरों में आक्रोश फैल गया है। डॉक्टरों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं उनकी सुरक्षा पर सवाल खड़े करती हैं और कामकाज में बाधा डालती हैं। घटना के विरोध में डॉक्टरों ने नाराजगी जताते हुए पुलिस अधीक्षक को आवेदन देने की तैयारी की है। उनका कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे आंदोलन का रास्ता अपना सकते हैं।
Source link