इंदौर के एबी रोड हाईवे पर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। टायर पंचर होने का फायदा उठाकर बदमाशों ने युवक को धमकाते हुए उसके गले से सोने की चेन लूट ली और फरार हो गए। किशनगंज थाना पुलिस के मुताबिक जय माँ अम्बे सोसायटी, महादेव दाहोद (गुजरात) निवासी रोहन पाटीदार (23) अपने दोस्तों के साथ ढाबे से खाना खाकर कार से लौट रहा था। 30 मार्च की सुबह करीब 4:05 बजे धानुका कोल्ड स्टोर के सामने एबी रोड पर उसकी कार का पिछला टायर अचानक फट गया। गाड़ी का संतुलन बिगड़ने पर उसने कार साइड में खड़ी कर दी। इसी दौरान पीछे से सफेद कार में सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे। उनके हाथ में हथियार थे। एक बदमाश ने लोहे की रॉड दिखाकर सभी को धमकाया और रोहन के गले से करीब 200 ग्राम सोने की चेन छीन ली। बदमाश नकदी और अन्य सामान लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद रोहन और उसके साथी थाने पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि रोहन मूल रूप से गुजरात का रहने वाला है और फिलहाल इंदौर में रहकर वीडियोग्राफी का काम करता है।
Source link