अनूपपुर जिले के ग्राम पंचायत बकही के पास ओबी पहाड़ी के जंगल में 25 मार्च को मिली एक अज्ञात महिला की सड़ी-गली लाश के मामले में पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया है।
.
एसपी मोती उर रहमान ने बताया कि महिला की हत्या उसके प्रेमी सतेंद्र गुप्ता उर्फ संगम (27) ने की थी। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटने की पुष्टि
मठदेउरा मंदिर के पास जंगल में महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला था, जिसकी सूचना सरपंच पति तीरू सिंह ने पुलिस को दी थी। प्रारंभिक जांच में मर्ग कायम करने के बाद जब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आई, तो मौत का कारण गला घोंटना पाया गया।
इसके बाद पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही सतेंद्र गुप्ता को हिरासत में लिया।
शादी का दबाव डाल रही थी महिला
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतका के पति की मृत्यु के बाद उसके संबंध रामपुर निवासी सतेंद्र गुप्ता से थे, जो पेशे से ऑटो चालक है। महिला लगातार सतेंद्र पर उसे पत्नी बनाकर अपने घर ले जाने का दबाव बना रही थी। इसी विवाद और सामाजिक दबाव से बचने के लिए आरोपी ने महिला को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
जंगल में ले जाकर दुपट्टे से घोंटा गला
आरोपी ने 9 मार्च को महिला को बकहो रोड पर मिलने बुलाया और अपनी बाइक पर बैठाकर सुनसान जंगल में ले गया। वहां फिर से शादी की बात को लेकर विवाद हुआ, जिससे आक्रोशित होकर सतेंद्र ने महिला के ही दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसने शव को पेड़ से लटका दिया और फरार हो गया।

बीएनएस की धाराओं में केस
मृतका के परिजनों ने पहले ही अमलाई थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। चचाई पुलिस ने 29 मार्च को आरोपी सतेंद्र उर्फ सत्यम गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज किया।
मंगलवार दोपहर पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।