बैतूल में गुरुवार को श्री हनुमान जन्मोत्सव मनाया जाएगा। पर्व को लेकर शहर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रमुख हनुमान मंदिरों और शोभायात्रा मार्गों को रंग-बिरंगी रोशनी, स्वागत द्वार, फूलों तथा भगवा ध्वजों से सजाया गया है, जिससे पूरा शहर भक्तिमय नजर आ रहा है। गंज क्षेत्र स्थित श्री हनुमान चौक पर श्री हनुमान जन्मोत्सव समिति बैतूल द्वारा शाम 7:30 बजे श्री राम दरबार की महाआरती की जाएगी। इससे पहले श्री हनुमान चालीसा का पाठ होगा। इसके बाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों से निकलने वाली भव्य शोभायात्राएं यहां पहुंचेंगी। इन शोभायात्राओं में कोठीबाजार से घाटा मेहंदीपुर बालाजी, श्री हनुमान मंदिर गर्ग कॉलोनी, रामनगर, भग्गूढ़ाना, चुन्नीढाना सहित अन्य क्षेत्रों की झांकियां शामिल होंगी। इनमें अखाड़ों के प्रदर्शन, आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजों की धुन और भजन मंडलियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र होंगी। श्री हनुमान चौक पर इन झांकियों और शोभायात्राओं का आतिशबाजी और पुष्पवर्षा से स्वागत किया जाएगा। हनुमान चालीसा पाठ, विशेष अभिषेक होंगे
आयोजकों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित भी किया जाएगा। जन्मोत्सव के दिन कई मंदिरों में सुबह 4 बजे ब्रह्ममुहूर्त में मंगल आरती, हनुमान चालीसा पाठ और विशेष अभिषेक किए जाएंगे। दोपहर में विभिन्न स्थानों पर भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था के लिए मंदिर समितियों, व्यापारियों, धर्मप्रेमी नागरिकों और पुलिस विभाग द्वारा चौक-चौराहों पर इंतजाम किए गए हैं। नगर पालिका ने प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई सुनिश्चित की है। व्यापारियों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी, शीतल शरबत और पीने के पानी की व्यवस्था भी की गई है। दिलबहार चौक गंज पर जय हनुमान सेवा समिति द्वारा सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद शोभायात्राओं के आयोजकों को बूंदी के बड़े मोदक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। यहां श्रद्धालुओं के बीच चना और हलवा प्रसादी का वितरण भी होगा।
Source link