सिल्वर पार्क कॉलोनी में आगजनी का खुलासा: तीन आरोपी गिरफ्तार, पुराने विवाद में घर और कार को लगाई आग – Indore News

सिल्वर पार्क कॉलोनी में आगजनी का खुलासा:  तीन आरोपी गिरफ्तार, पुराने विवाद में घर और कार को लगाई आग – Indore News




लसूड़िया थाना क्षेत्र की सिल्वर पार्क कॉलोनी में हुई आगजनी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुराने विवाद के चलते शिकायतकर्ता के घर और कार में पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। पुलिस के मुताबिक, बाल्याखेड़ा स्थित सिल्वर पार्क कॉलोनी निवासी 33 वर्षीय सौरभ पाटोदिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 मार्च की रात करीब 1 बजे घर के बाहर हलचल सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो उनकी कार में आग लगी हुई थी, जो घर की दीवार तक फैल गई थी। उन्होंने पानी डालकर आग बुझाई और इसी दौरान तीन संदिग्धों को भागते हुए देखा, जो एक लाल रंग की कार में फरार हो गए। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गए, जिसमें लाल रंग की कार नंबर MP09CX2155 नजर आई। वाहन मालिक हर्षल गौड़ (46) निवासी नेताजी सुभाष मार्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ में हर्षल गौड़ ने अपने साथियों कृष्ण दामके (23) और रोहित तंवर (24), दोनों निवासी राहुल गांधी नगर, के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि सौरभ पाटोदिया से पुराने विवाद के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त टाटा नेक्सन कार जब्त कर ली है। आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।



Source link