Summer Tips: बढ़ती गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल करना शुरू कर दिया है. शहरों में जहां लोग एसी और कूलर का सहारा लेते हैं, वहीं गांव-देहात में आज भी लोग बिना ज्यादा खर्च किए पारंपरिक तरीकों से खुद को ठंडा रखते हैं. खास बात ये कि सभी उपाय पूरी तरह से देसी, किफायती और पर्यावरण के अनुकूल होते हैं. गाव के रहने वाले भावेश पटेल बताते हैं कि ग्रामीण इलाकों में लोग आज भी पुराने तरीकों को अपनाकर गर्मी से राहत पाते हैं. ये तरीके न सिर्फ शरीर को ठंडा रखते हैं, बल्कि पानी और संसाधनों की बचत भी करते हैं.
चेक डैम से पानी की समस्या का समाधान
गर्मी के मौसम में तालाब और कुएं सूख जाते हैं, जिससे पानी की किल्लत बढ़ जाती है. इससे बचने के लिए कई गांवों में लोग मिलकर चेक डैम बनाते हैं. बारिश का पानी इसमें जमा होता है, जिससे भूजल स्तर भी बढ़ता है और गर्मियों में पानी की कमी नहीं होती.
मिट्टी के घर रखते हैं ठंडक
गांवों में आज भी कई घर मिट्टी और ईंट से बने होते हैं. इन दीवारों पर मिट्टी की पुताई या गोबर से लिपाई की जाती है, जिससे घर अंदर से ठंडा रहता है. साथ ही, छोटे-छोटे वेंटिलेशन और खिड़कियां भी गर्मी को कम करने में मदद करती हैं.
पत्तों से ढकी छत देती राहत
टिन की छत गर्मी में बहुत जल्दी तप जाती है, जिससे घर के अंदर भी गर्मी बढ़ जाती है. इससे बचने के लिए ग्रामीण लोग नीम और पलाश के पत्तों से छत को ढक देते हैं, जिससे सीधी धूप का असर कम हो जाता है.
जानवरों की भी ऐसे करते हैं देखभाल
गर्मी से सिर्फ इंसान ही नहीं, पशु भी प्रभावित होते हैं. गांवों में लोग अपने पशुओं को दिन के समय छांव में रखते हैं. नीम के पत्तों और सूती कपड़े का इस्तेमाल कर उन्हें गर्मी से बचाया जाता है, जिससे उनकी सेहत और दूध उत्पादन दोनों सुरक्षित रहते हैं.
दिनचर्या में बदलाव भी जरूरी
गर्मी के दिनों में गांव के लोग सुबह जल्दी उठकर अपना काम निपटा लेते हैं. 9-10 बजे के बाद तेज धूप से बचने के लिए वे दोपहर में बाहर निकलने से परहेज करते हैं, जिससे डिहाइड्रेशन और लू से बचाव होता है.
खानपान में सादगी
गांवों में गर्मी के मौसम में हल्का और ठंडा भोजन किया जाता है. छाछ, दही और हल्का खाना खाने से शरीर को ठंडक मिलती है और पाचन भी सही रहता है.
पेड़-पौधे बनते हैं प्राकृतिक एसी
गांवों में लोग अपने घर और खेतों के आसपास नीम, बेर, शरीफा जैसे पेड़ लगाते हैं. ये पेड़ न सिर्फ छांव देते हैं, बल्कि वातावरण को भी ठंडा रखते हैं. ऐसे ही छोटे-छोटे लेकिन असरदार उपायों से गांव के लोग सालों से गर्मी का मुकाबला करते आ रहे हैं. ये तरीके हमें भी सिखाते हैं कि बिना ज्यादा खर्च और बिना पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए भी गर्मी से बचा जा सकता है.