Last Updated:
पंजाब किंग्स 12 ओवर तक अच्छा खेल रही थी, 13 वें ओवर में गेम पलटा और GT ने मैच में वापसी की, मगर 16 वें ओवर में जो हुआ उससे एक बार फिर गेम का मोमेंटम बदला. 17 वें ओवर में उसी गेंदबाज ने लुटिया डुबो दी जो GT को मैच में वापस लाया था.
पंजाब किंग्स ने कैसे पलटा मैच?
पंजाब किंग्स लक्ष्य की तरफ बढ़ती जा रही थी, 12 ओवर का खेल हो चुका था और टीम का स्कोर था 110 रन, सिर्फ दो विकेट ही गिरे थे. क्रीज पर थे बल्लेबाज कूपर कोनोली जो 30 बॉल पर 47 रन बना चुके थे और श्रेयस अय्यर 18 रन बनाकर उनका साथ दे रहे थे. सिर्फ 48 गेंद पर 53 रन और बनाने थे. GT के कप्तान शुभमन गिल बस इसी समय का इंतजार कर रहे थे. अब तक अपनी तरकश का एक तीर उन्होंने छिपा कर रखा था जो चलाने का वक्त आ गया था. ये थे गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा. गिल ने उन्हें पारी का 13वां ओवर दिया और वह तुरुप का पत्ता साबित हुए.
प्रसिद्ध कृष्णा ने पहली बॉल फेंकी अय्यर को और वह मिड विकेट पर लपके गए. विकेट पर आए नमन वढ़ेरा, दूसरी गेंद पर कोई रन नहीं, तीसरी गेंद भी डॉट रही. पंजाब किंग्स के लिहाज से पारी का यह पहला ओवर था जो अच्छा जा रहा था. इस बीच चौथी गेंद वढ़ेरा को फेंकी गई जिस पर 2 रन आए. पांचवीं बॉल डॉट रही और ओवर की आखिरी बॉल पर भी 1 ही रन आया. 6 बॉल में प्रसिद्ध ने महज 3 रन देकर 1 महत्वपूर्ण विकेट झटका. गुजरात ने मैच में वापसी शुरू की. 42 बॉल पर 50 रन की जरूरत रह गई.
दूसरे एंड से वाशिंगटन सुंदर ने पहली ही बॉल पर वढ़ेरा को आउट कर दिया. कैच लिया शुभमन गिल ने. बल्लेबाजी करने आए शशांक ने पहली बॉल पर दो रन लिए और तीसरी बॉल पर सिंगल लेकर कोनॉली को स्ट्राइक दी. चौथी गेंद पर कॉनोली बीट हुए और पांचवीं और छठवीं बॉल पर एक-एक रन आए. सुंदर ने 5 रन देकर 1 विकेट लिया.
आईपीएल 2026 का चौथा मुकाबला पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच
प्रसिद्ध ने 15वें ओवर की पहली गेंद पर शशांक को बीट किया ओर दूसरी ही गेंद पर कीचर के हाथों कैच कराकर चलता कर दिया. नए बल्लेबाज स्टोइनिस आए, जो बेहद खतरनाक माने जाते हैं, मगर वो सेट होते उससे पहले ओवर की तीसरी गेंद पर प्रसिद्ध ने उन्हें बीट किया और चौथी गेंद पर चलता कर दिया. नए बल्लेबाज जेनसेन आए जिन्होंने 1 रन लिया और ओवर की आखिरी गेंद पर कोनॉली भी बस एक ही रन ले सके. ओवर में महज 3 रन आए और पंजाब ने अपने दो बड़े विकेट गंवाए. बॉल का अंतर भी बढ़ा और अब पंजाब को 30 गेंदों 42 रन चाहिए थे.
गिल से यहां एक गलती हो गई, उन्होंने 16 वां ओवर थमाया रबाडा को, जिन्होंने पहली गेंद पर चौका खाया. बीच में दो सिंगल आए, मगर कोनॉली ने उनके ओवर की समाप्ति सिक्सर के साथ की. अब प्रसिद्ध की बारी थी. उनसे उम्मीद की जा रही थी कि वह पंजाब के बल्लेबाजों को कसेंगे, मगर ऐसा हुआ नहीं. जेनसन पहली गेंद पर तो बीट हुए मगर दूसरी बॉल पर उन्होंने लॉन्ग ऑन पर शानदार छक्का जड़कर इरादे जाहिर कर दिए. प्रसिद्ध ने ओवर में वापसी की, मगर मैच यहीं GT के हाथ से निकल चुका था.
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
