बिना एसी-कूलर के ठंडे कमरे, देसी-विदेशी पर्यटकों का पसंदीदा ठिकाना, ये जगह बना देगी दीवाना

बिना एसी-कूलर के ठंडे कमरे, देसी-विदेशी पर्यटकों का पसंदीदा ठिकाना, ये जगह बना देगी दीवाना


Last Updated:

Khargone Home Stay: भीषण गर्मी में जहां लोग एसी और कूलर ढूंढते हैं, वहीं खरगोन के नर्मदा किनारे बने देसी होम स्टे बिना मशीनों के ठंडक दे रहे हैं. 45 डिग्री तापमान में भी यहां मजे से आप रह सकते हैं. महेश्वर आने वाले देसी-विदेश के पर्यटक अब होटल छोड़ होम स्टे में ठहरना ज्यादा पसंद कर रहे हैं.

खरगोन जिले में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है. तापमान 40 डिग्री तक पहुंच रहा है. ऐसे में जहां लोग एसी और कूलर के बिना रहना मुश्किल समझते हैं, वहीं खरगोन में नर्मदा किनारे बने मिट्टी और केवलु से तैयार देसी होम स्टे बिना एसी कूलर के भी ठंडक दे रहे हैं. यही वजह है कि गर्मी के मौसम में ये घर पर्यटकों की पहली पसंद बनते जा रहे हैं.

खास बात ये कि बाहर से साधारण दिखने वाले ये होम स्टे अंदर से काफी आरामदायक और लक्जरी हैं. इनकी बनावट ऐसी है कि तेज गर्मी का असर अंदर कम महसूस होता है. यही कारण है कि यहां ठहरने वाले पर्यटक गर्मी में भी सुकून महसूस करते हैं.

मध्य प्रदेश सरकार ने गांवों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जिले में नर्मदा किनारे बसे तीन गांवों में 22 होम स्टे तैयार किए हैं. इनका मकसद है कि पर्यटक गांव के जीवन को समझें और निमाड़ की गर्मी में भी ठंडक का अनुभव ले सकें.

Add News18 as
Preferred Source on Google

ये होम स्टे जिले के ग्राम बोथू, केरियाखेड़ी और नावड़ातोड़ी में बनाए गए हैं. इनका निर्माण मिट्टी, गोबर और केवलु जैसे देसी मैटेरियल से किया गया है. यही वजह है कि ये घर गर्मी में ठंडे रहते हैं और पर्यावरण के अनुकूल भी हैं.

महेश्वर घूमने आने वाले देश और विदेश के पर्यटक अब होटलों की बजाय इन देसी होम स्टे में ठहरना ज्यादा पसंद कर रहे हैं. विदेशी पर्यटक यहां की देसी व्यवस्था और ग्रामीण परिवेश देखकर खासा प्रभावित हो रहे हैं.

इन गांवों की दूरी महेश्वर से करीब 2 से 5 किलोमीटर है, इसलिए पर्यटक आसानी से यहां पहुंच जाते हैं. दिन में महेश्वर घूमते हैं और रात में गांव के शांत और ठंडे माहौल में आराम करते हैं.

यहां ठहरने वाले पर्यटकों को निमाड़ के पारंपरिक व्यंजन भी परोसे जाते हैं. अमाड़ी की भाजी, ज्वार, मक्का और बाजरे की रोटी जैसे स्वाद पर्यटकों को खास पसंद आ रहे हैं. सभी व्यंजन देसी तरीके से तैयार किए जाते हैं.

इन होम स्टे में एक रात ठहरने का खर्च करीब 2 से ढाई हजार रुपये आता है. इसमें ब्रेकफास्ट की सुविधा भी शामिल रहती है. पर्यटक ऑनलाइन बुकिंग करके गर्मी के मौसम में इन ठंडे देसी घरों का अनुभव लेने पहुंच रहे हैं.



Source link