Last Updated:
Bhopal Encounter News: विजय मेवाड़ा हत्याकांड में पुलिस आसिफ बम को गिरफ्तार करके थाने ला रही थी, तब रातीबड़ एरिया में आसिफ ने पिस्टल छीन कर पुलिस पर फायरिंग कर दी. इसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आसिफ घायल हो गया. अब उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. अस्पताल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
भोपाल पुलिस ने आसिफ बम का किया शॉर्ट एनकाउंटर
रिपोर्ट-रामाकांत दुबे/आचार्य शिवकांत
Bhopal Encounter News: चाय का व्यापार करने वाले विजय मेवाड़ा की हत्या के मामले में हिंदू संगठन और परिजन लगातार पुलिस पर दबाव बना रहे थे. अब इसी बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आसिफ उर्फ बम का शॉर्ट एनकाउंटर कर दिया है. इस बात की जानकारी भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने दी है. उन्होंने बताया है कि आज दोपहर में करीब 12 बजे रातीबड़ एरिया में उसका शॉर्ट एनकाउंटर हुआ है. पुलिस को देखकर आसिफ बम ने फायरिंग की थी. इसके बाद सेल्फ डिफेंस में पुलिस ने आरोपियों पर फायरिंग की. फिर गोली उसके पैर में लग गई. अब उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.
भोपाल के पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि आसिफ बम के ऊपर भोपाल में 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं. उसके पास से पुलिस ने एक पिस्तौल जब्त किया है और उसका सहयोग करने वाले सभी की पुलिस जांच कर रही है. भोपाल पुलिस हथियारों की सप्लाई की चेन जांच कर रही है. मामूली विवाद के चलते ही युवक विजय मेवाड़ा की हत्या हुई थी. हत्या में कोई पुरानी रंजिश का मामला सामने नहीं आया है.
पुलिस ने जब्त किए पिस्टल और खाली कारतूस
भोपाल में जहां एनकाउंटर हुआ है. घटनास्थल पर FSL की टीम पहुंची है. इस दौरान पुलिस बल भी साथ में रहा. पुलिस ने साक्ष्य इकठ्ठा किए हैं, जहां घटनास्थल से पिस्टल और खाली कारतूस बरामद किए गए हैं. इस दौरान अशोका गार्डन थाना प्रभारी, रातीबड़ थाना प्रभारी सहित पुलिस के सीनियर अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे.
मामूली विवाद के हुई थी हत्या
रविवार की रात को अशोका गार्डन में एक मामूली विवाद के बाद आरोपियों ने 35 साल के चाय कारोबारी विजय मेवाड़ा को मौत के घाट उतार दिया था. बताया जा रहा है कि आरोपियों ने चाकू घोंपकर उनकी हत्या कर दी थी, जबकि उन्होंने आरोपियों को बेटा कहकर संबोधित किया था. हत्या के बाद ही माहौल तनावपूर्ण हो गया और कई हिंदू संगठनों ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया. मुख्य आरोपी आसिफ बम पर पुलिस ने 30000 रुपए का इनाम घोषित किया था.