उज्जैन की भैरवगढ़ केंद्रीय जेल में बुधवार सुबह एक प्रहरी को ड्यूटी के दौरान तलाशी में प्रतिबंधित सामग्री के साथ पकड़ा गया। प्रहरी के पास से जर्दा और गुटखा पाउच बरामद हुए। इस घटना के बाद उसे तत्काल निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 6 बजे ड्यूटी पर पहुंचे जेल प्रहरी नरेंद्र चौधरी को नियमित चेकिंग के दौरान पकड़ा गया। तलाशी में उसके अंडरगारमेंट से जर्दा और गुटखा पाउच बरामद हुए। मुख्य गेट पर तैनात कर्मचारियों ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नरेंद्र चौधरी को निलंबित कर दिया और मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, आरोपी प्रहरी जर्दा को अंडरगारमेंट में छुपाकर जेल के अंदर ले जाने का प्रयास कर रहा था। इससे पहले भी जेल में इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। विभाग अब इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गतिविधि में और कौन-कौन शामिल हो सकता है।
Source link