ईरान-अमेरिका जंग का असर शहर में नजर आने लगा है। अफ्रीका और मिडिल ईस्ट से आने वाले शिपमेंट व कंटेनर अटकने, लागत बढ़ने और सप्लाय बाधित होने से तेल, दाल, दूध, मिठाई सहित खाने-पीने की चीजों के दामों पर असर पड़ा है। वहीं कमर्शियल गैस का संकट अब भी बरकर
.
कारोबारियों के अनुसार रोजमर्रा की खाद्य खपत में असर पड़ा है। इसमें 15 प्रतिशत तक गिरावट आई है। सप्लाय बाधित होने से लागत बढ़ रही है और खपत घटने से कारोबार कमजोर हो रहा है। यदि हालात जल्द ही सामान्य नहीं हुए तो आने वाले समय में और दिक्कत आ सकती है। वहीं प्रशासन का कहना है कि हर स्थिति से निपटने की तैयारी की जा रही है। लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्था बनाएंगे।
मंडी और ट्रेड इंदौर के कारोबारी रमेश मंगल के अनुसार कंटेनर की कमी, शिपिंग बुकिंग नहीं मिलने और बीमा महंगा होने से माल लोड नहीं हो पा रहा। असर : सौदों पर भी पड़ा है। सप्लायर अब तय डील के बजाय विकल्प दे रहे हैं, जिससे व्यापारी सौदे टाल रहे हैं।
खाद्य तेल खाद्य तेल के डिब्बों में थोक भाव में 200 से 300 रुपए तक बढ़ोतरी हो चुकी है। हालांकि यह बढ़ोतरी बहुत अधिक नहीं है। असर : तेल महंगा होने से नमकीन, मिठाई के साथ पूरी थाली पर असर पड़ा है। कुछ दिन में स्थिति सामान्य हो जाएगी।
दूध और मिठाई इंदौर दूध विक्रेता संघ ने दूध के भाव 60 से बढ़ाकर 63 रुपए प्रति लीटर कर दिए हैं। परिवहन, पैकेजिंग का खर्च बढ़ गया है। असर : विकास जैन के मुताबिक पिछले सप्ताह में मिठाइयों के दाम 30 से 40 रुपए किलो तक बढ़ गए हैं।
दाल-चावल दाल और चावल के कारोबारी दयाल गंगवानी व सुरेश अग्रवाल के अनुसार गैस की कमी से मिलों का उत्पादन प्रभावित हुआ है। असर : चावल में 5-10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी संभव है। वहीं दालों के दामों में भी बढ़ोतरी हो सकती है।
किराना बाजार सियागंज होलसेल किराना ब्रोकर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष बिसानी के अनुसार बाजार में ग्राहकी कमजोर है। सूखे मेवों में तेजी आई है, जबकि मसालों पर असर सीमित है।
कमर्शियल सिलेंडर : डिमांड प्रतिदिन ढाई से तीन हजार, रिफिल हो रहे 1000-1200
घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग सामान्य होने के साथ ही डिलीवरी भी 5 दिन में हो रही है, लेकिन कमर्शियल सिलेंडर का संकट अब भी बरकरार है। कमर्शियल सिलेंडर की प्रतिदिन डिमांड ढाई से तीन हजार सिलेंडर की है, लेकिन रिफिल 1000-1200 ही हो रहे हैं।
इससे व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इंदौर में अब कमर्शियल गैस सिलेंडर 2021 रुपए से बढ़कर 2186 रुपए का हो गया है। खाद्य नियंत्रक एम.एल. मारू के मुताबिक घरेलू गैस की बुकिंग सामान्य हो गई है। कमर्शियल सिलेंडर की रिफिल कम हो रही है।