क्यों पूर्णिमा पर ही होती है सत्यनारायण की कथा? जानें महत्व और मिलने वाले लाभ

क्यों पूर्णिमा पर ही होती है सत्यनारायण की कथा? जानें महत्व और मिलने वाले लाभ


उज्जैन. हिंदू धर्म में पूर्णिमा तिथि को अत्यंत शुभ और पुण्यदायक माना गया है. यही कारण है कि इस दिन विशेष रूप से भगवान सत्यनारायण की कथा का आयोजन किया जाता है. आपने अक्सर देखा होगा कि अधिकतर लोग पूर्णिमा पर ही यह व्रत और कथा करते हैं. इसके पीछे धार्मिक मान्यता और आध्यात्मिक कारण छिपे हैं. उज्जैन के ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज के अनुसार, पूर्णिमा का दिन सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर होता है, जिससे इस व्रत का फल कई गुना बढ़ जाता है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है. आइए जानते हैं इस दिन कथा कराने का महत्व और लाभ क्या हैं.

वैदिक पंचांग के अनुसार, चैत्र पूर्णिमा की शुरुआत एक अप्रैल को सुबह 07 बजकर 06 मिनट लगभग पर होगी और समापन अगले दिन यानी दो अप्रैल को सुबह 07 बजकर 41 मिनट लगभग पर होगा. ऐसे में दो अप्रैल को चैत्र पूर्णिमा मनाई जाएगी. इस दिन चंद्रोदय शाम 07 बजकर 02 मिनट पर होगा.

पूर्णिमा पर ही क्यों होती सत्यनारायण कथा?
स्कंद पुराण के अनुसार, भगवान सत्यनारायण विष्णु भगवान के ही एक स्वरूप माने जाते हैं. यही कारण है कि पूर्णिमा के दिन विशेष रूप से भगवान विष्णु और उनके विभिन्न रूपों की पूजा का महत्व बढ़ जाता है. इसी परंपरा के चलते इस दिन सत्यनारायण व्रत और कथा का आयोजन वर्षों से किया जा रहा है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, सत्यनारायण भगवान ने स्वयं इस कथा का महत्व देवर्षि नारद को बताया था. माना जाता है कि जो व्यक्ति पूर्णिमा के दिन श्रद्धा और भक्ति के साथ इस कथा को सुनता या करवाता है, उसे अत्यंत पुण्य की प्राप्ति होती है. इतना ही नहीं, इस कथा को सुनने का फल हजारों वर्षों तक किए गए यज्ञ के बराबर माना जाता है, जिससे जीवन में सुख-समृद्धि और शांति बनी रहती है.

सत्यनारायण व्रत कथा के लाभ
1. भगवान सत्यनारायण की कथा इंसान को सत्य और धर्म के रास्ते पर चलने की सीख देती है, जिससे जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहती है. मान्यता है कि जहां यह पूजा और कथा होती है, वहां गौरी-गणेश, नवग्रह और सभी देवी-देवता उपस्थित होकर भक्तों को आशीर्वाद प्रदान करते हैं.

2. सत्यनारायण व्रत कथा का प्रभाव जीवन में सुख और समृद्धि लाता है. इसके नियमित श्रवण और पालन से दांपत्य जीवन खुशहाल बनता है, योग्य जीवनसाथी की प्राप्ति होती है, संतान सुख मिलता है, स्वास्थ्य बेहतर रहता है और आर्थिक स्थिति मजबूत होती है.

3. पूर्णिमा के दिन सत्यनारायण व्रत और कथा का विशेष महत्व माना जाता है. मान्यता है कि इसे नियमित करने से परिवार में सुख-समृद्धि और ऐश्वर्य बना रहता है. जीवन में धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष की प्राप्ति होती है और क्लेश दूर होते हैं. रोजगार की परेशानी से छुटकारा, विवाह में रुकावट से मुक्ति और अच्छे स्वास्थ्य की कामना के लिए यह व्रत अत्यंत फलदायी माना जाता है.



Source link