खरगोन में जिलाबदर उपसरपंच कर रहा था शराब तस्करी: घर के पीछे जमीन में गड़ी टंकी मिली, 198 लीटर अवैध देशी और विदेशी शराब बरामद – Khargone News

खरगोन में जिलाबदर उपसरपंच कर रहा था शराब तस्करी:  घर के पीछे जमीन में गड़ी टंकी मिली, 198 लीटर अवैध देशी और विदेशी शराब बरामद – Khargone News




खरगोन के भगवानपुरा क्षेत्र में उपसरपंच शंकरलाल हीरालाल मालवीय के घर से 198 लीटर अवैध देशी और विदेशी शराब जब्त की गई है। आरोपी शंकरलाल पूर्व में जिलाबदर भी रह चुका है। पुलिस ने यह कार्रवाई भग्यापुर में की। भीकनगांव एसडीओपी राकेश आर्य ने बताया कि आरोपी शंकरलाल पिता हीरालाल मालवीय ने अपने घर के पीछे खाली जमीन में गड्ढा खोदकर एक पानी की टंकी बना रखी थी। इसी टंकी में वह अवैध देशी और विदेशी शराब बेचने के लिए छिपाकर रखता था। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी भगवानपुरा निरीक्षक इलापसिंह मुजाल्दे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के पीछे जमीन में छिपाई गई टंकी मिली। मिट्टी हटाकर जांच करने पर उसमें शराब की पेटियां और पाउच रखे पाए गए। बुधवार को पुलिस ने कुल 68 हजार 625 रुपए मूल्य की 198 लीटर देशी-विदेशी शराब जब्त की। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 36 के तहत कार्रवाई की गई है। उपसरपंच पर पहले से 6 अपराधिक मामले दर्ज
आरोपी शंकरलाल मालवीय पर भगवानपुरा थाने में अवैध शराब बिक्री से संबंधित आबकारी अधिनियम के तहत पहले से छह मामले दर्ज हैं। वह गुंडा सूची में भी शामिल है। पुलिस आरोपी के क्षेत्र में फैले नेटवर्क की जांच कर रही है। फिलहाल, शंकरलाल मालवीय उपसरपंच के पद पर है। इससे पहले वह स्थानीय भग्यापुर पंचायत में पंच भी रह चुका है।



Source link