भिंड में हनुमान जयंती पर लाखों श्रद्धालु पहुंचे: दंदरौआ के “डॉक्टर हनुमान”, कांक्सी के “जज हनुमान” और रावतपुरा सरकार में विशेष अनुष्ठान – Bhind News

भिंड में हनुमान जयंती पर लाखों श्रद्धालु पहुंचे:  दंदरौआ के “डॉक्टर हनुमान”, कांक्सी के “जज हनुमान” और रावतपुरा सरकार में विशेष अनुष्ठान – Bhind News




भिंड जिले में हनुमान जयंती के अवसर पर आस्था का विराट उत्सव देखने को मिला। दंदरौआ सरकार हनुमान मंदिर में “डॉक्टर हनुमान”, कांक्सी सरकार हनुमान मंदिर में “जज हनुमान” और रावतपुरा सरकार हनुमान मंदिर में चल रहे विशेष अनुष्ठानों के चलते लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह से देर शाम तक भक्ति, अनुष्ठान और भंडारे का सिलसिला जारी रहा, जिससे पूरा क्षेत्र रामभक्ति में डूबा नजर आया। दंदरौआ सरकार में “डॉक्टर हनुमान” के दरबार में उमड़ी भीड़ भिंड के प्रसिद्ध दंदरौआ सरकार हनुमान मंदिर में तड़के सुबह 4 बजे पट खुलते ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। विधिवत अभिषेक और सिंदूर चोला अर्पण के साथ दर्शन शुरू हुए। सुबह से ही दूर-दराज से आए भक्तों का तांता लगा रहा और अब तक करीब एक लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। शाम तक यह संख्या ढाई से तीन लाख तक पहुंचने का अनुमान है। मंदिर में भजन-कीर्तन, अखंड रामायण पाठ और भंडारे का आयोजन किया गया। “डॉक्टर हनुमान” के रूप में प्रसिद्ध दंदरौआ सरकार के प्रति मान्यता है कि यहां दर्शन करने से गंभीर बीमारियों से मुक्ति का आशीर्वाद मिलता है, यही वजह है कि विभिन्न रोगों से पीड़ित लोग भी बड़ी संख्या में यहां पहुंचे। कांक्सी सरकार में “जज हनुमान” के दरबार में लगी अर्जी कांक्सी सरकार हनुमान मंदिर में भी हनुमान जयंती पर सुबह 4 बजे पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। यहां भगवान का रुद्राभिषेक किया गया और पूरे दिन दर्शन का सिलसिला चलता रहा। हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। मंदिर में हनुमान चालीसा, सुंदरकांड पाठ और रामचरितमानस पाठ के साथ भजन-कीर्तन आयोजित हुए। श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की गई।
इस मंदिर की विशेष पहचान “जज हनुमान” के रूप में है, जहां कोर्ट-कचहरी और न्यायालय संबंधी मामलों में सफलता की कामना लेकर लोग अर्जी लगाते हैं। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से प्रार्थना करने पर न्याय मिलता है।
रावतपुरा सरकार में दिनभर चले विशेष अनुष्ठान रावतपुरा सरकार हनुमान मंदिर में हनुमान जयंती पर पूरे दिन विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। भगवान का महाअभिषेक, महाआरती और 56 भोग अर्पित किए गए, जिसमें पलाश और गुलाब के फूलों से विशेष सज्जा की गई। इसके साथ ही श्रीहनुमत लक्ष्य अर्चन, सुंदरकांड पाठ और सवा करोड़ हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं से आह्वान किया गया कि वे अपने-अपने घरों में सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक हनुमान चालीसा का पाठ करें। शाम 7 बजे राजराजेश्वरी द्वादश लक्ष्य अर्चन का आयोजन हुआ, जो करीब डेढ़ से दो घंटे तक चला। हनुमान जयंती के अवसर पर भिंड जिले के इन प्रमुख मंदिरों में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने इसे एक विशाल धार्मिक उत्सव का रूप दे दिया।



Source link