मंडला जिले के नैनपुर तहसील क्षेत्र में बुधवार शाम हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि से कई गांवों में किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं। धतूरा, बोरी पीपरडाही, बीजेगांव, अलीपुर और जामगांव समेत आसपास के क्षेत्रों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है। स्थिति का जायजा लेने के लिए गुरुवार को कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने प्रभावित गांवों का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ एडीएम राजेंद्र सिंह, नैनपुर एसडीएम आशुतोष ठाकुर और राजस्व विभाग की टीम मौजूद थी। मंत्री ने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और खेतों में हुए नुकसान का निरीक्षण किया। मंत्री संपतिया उइके ने किसानों को आश्वासन दिया कि फसलों को हुए नुकसान का पारदर्शी सर्वेक्षण कराया जाएगा। इस सर्वेक्षण में किसान और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल रहेंगे। उन्होंने बताया कि सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति प्रदान की जाएगी। नैनपुर एसडीएम आशुतोष ठाकुर ने जानकारी दी कि नुकसान के आकलन के लिए राजस्व, कृषि और संबंधित विभागों की एक संयुक्त टीम गठित की गई है। यह टीम 48 घंटे के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर निर्धारित मापदंडों के अनुसार प्रभावित किसानों को राहत प्रदान की जाएगी।
Source link