रतलाम के बाल चिकित्सालय में कुछ लोगों ने इलाज कराने आए मरीज के परिजनों के साथ मारपीट की। मारपीट करने में पुरुष के अलावा महिलाएं भी शामिल रहीं। मारपीट करने वाली महिलाओं ने एक महिला को चाटे मारे और सीढ़ियों से पकड़ते हुए लेकर गए और लात-घूंसों से मारपीट की। महिला को मारते हुए पकड़कर ले जाते हुए का वीडियो सामने आया है। घटनाक्रम गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे का है। बाल चिकित्सालय में दिनेश सोनगरा निवासी नागदा हाल मुकाम अर्जुन नगर रतलाम ने अपने बेटे की तबीयत खराब होने पर 6 दिन पहले भर्ती कराया था। गुरुवार दोपहर वह हनुमान जयंती के कार्यक्रम से प्रसाद लेकर अस्पताल लौटे। इस दौरान वहां पर पार्किंग में रसीद काटने वाले कर्मचारी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद विवाद हो गया। पीछे से जाकर की मारपीट
आरोप है कि दिनेश सोनगरा अस्पताल के अंदर गया, इसी दौरान पीछे से पार्किंग कर्मचारी व उसके साथ अन्य घुमक्कड़ जाति के लोग वहां पहुंच गए। युवक और उसकी पत्नी से विवाद करने लगे। इसी दौरान मरीज की एक महिला परिजन समझाने आई तो उल्टा उसके साथ जमकर मारपीट की। मारपीट करने में महिलाएं शामिल थीं। अस्पताल की सीढ़ियों पर चांटे मारते हुए महिला को पकड़ कर ले गए। युवक की पत्नी को पीटा। घटनाक्रम वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। मारपीट के कारण हंगामा हो गया। अन्य मरीजों के परिजनों ने अस्पताल के नर्स व अन्य स्टाफ को सूचना दी। फिर पुलिस को सूचना दी गई। मारपीट करने वाले लोग भाग गए। पुलिस आई सीसीटीवी देखे
घटना के बाद पुलिस के दो जवान पहुंचे। अस्पताल से जानकारी ली। अस्पताल में लगे सीसीटीवी देखे, जिस स्थान पर मारपीट की गई उस क्षेत्र में सीसीटीवी नहीं थे। बाद में पीड़ित स्टेशन रोड थाने गया। जहां बाहरी लोगों द्वारा मारपीट करने की शिकायत की, लेकिन पुलिस ने केवल आवेदन लेकर रख लिया। हालांकि, सीसीटीवी में कुछ मरीजों के परिजन दौड़ लगाते हुए नर्स को घटना की जानकारी देते कैद हुए हैं। मारपीट करने वाले बाहरी लोग
लोगों का कहना है कि जिन पर मारपीट का आरोप है उन्होंने बाल चिकित्सालय व पास में बने मदर एंड चाइल्ड केयर यूनिट (एमसीएच) के बाहर व अंदर की तरफ अवैध रूप से डेरा डाल रखा है। आए दिन यह लोग विवाद करते हैं। इन्हें ना तो जिला अस्पताल प्रबंधन हटा सका और न जिला व पुलिस प्रशासन। पीड़ित ने बताया कि थाने पर शिकायत की है। आवेदन लेकर रख लिया। बेटे का इलाज कराना था इसलिए वापस हॉस्पिटल गया। इस घटना के बाद अस्पताल में आने वाले मरीजों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्टेशन रोड थाना पुलिस के अनुसार घटना की जांच की जा रही है।
Source link