हरदा जिले के टिमरनी थाना क्षेत्र के ग्राम छोटी छीपानेर में एक तीन वर्षीय बालिका की सर्पदंश से मौत हो गई। शनिवार सुबह जिला अस्पताल में बालिका के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम छोटी छीपानेर निवासी नितेश उइके की पत्नी सीमा बाई और उनकी तीन साल की बेटी नावण्या उइके जमीन पर सो रही थीं। रात करीब 10:30 बजे एक जहरीले सांप ने बालिका के बाएं हाथ की हथेली पर डंक मार दिया। बेटी के रोने की आवाज सुनकर मां सीमा बाई की नींद खुली। उन्होंने देखा कि एक सांप वहां से जा रहा था। इसके बाद, उन्होंने तुरंत बालिका को अपने निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने से लगभग पांच मिनट पहले ही मासूम ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि मृतिका नावण्या अपने तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर की थी। बालिका के पिता गांव में मजदूरी का काम करते हैं।
Source link