सतना पुलिस ने देवी मंदिर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की गई नकदी और एक बाइक जब्त की गई है। आरोपियों को रविवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। यह घटना कोलगवां थाना क्षेत्र के पुराने राज्य परिवहन डिपो के सामने स्थित सिद्धी दात्री मंदिर में 29 मार्च को हुई थी। अज्ञात बदमाशों ने मंदिर के स्टोर रूम का प्लाई का दरवाजा तोड़कर आलमारी में रखी नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए थे। चोरी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एक सप्ताह के भीतर सुराग जुटाते हुए पुलिस ने गोपाल कॉलोनी-टिकुरिया टोला निवासी 19 वर्षीय रोशन केशरवानी पुत्र दिलीप केशरवानी को हिरासत में लिया। पूछताछ में रोशन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी रोशन ने पुलिस को बताया कि उसने चोरी के गहने बेचकर मिले पैसों से एक बाइक खरीदी थी। शेष रकम उसने अपनी मां मीना केशरवानी (41 वर्ष) को दे दी थी। रोशन के बयान के आधार पर पुलिस ने उसकी मां मीना केशरवानी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 7500 रुपये नकद और चोरी के पैसों से खरीदी गई बाइक जब्त की है।
Source link