मध्य प्रदेश में चल रहे ‘मुस्कान अभियान’ के तहत ढीमरखेड़ा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक नाबालिग लड़की का अपहरण होने के कुछ ही घंटों के भीतर उसे सुरक्षित बरामद कर लिया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि यह घटना 3 अप्रैल की देर रात करीब 2:30 बजे हुई। पीड़ित परिवार ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उनकी नाबालिग बेटी रामलीला देखने के लिए घर से निकली थी, लेकिन कुछ लोगों ने उसे जबरन बोलेरो गाड़ी में बैठाकर अपहरण कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज की। इसके बाद अलग-अलग टीमों का गठन किया गया और पूरे क्षेत्र में चौतरफा नाकाबंदी कर दी गई। कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी सीमावर्ती थानों को अलर्ट किया गया। पुलिस ने लगातार प्रयासों और सटीक सूचना के आधार पर नाबालिग को सुरक्षित ढूंढ निकाला। इस दौरान अपहरण में शामिल तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। इनमें दो बालिग और एक नाबालिग शामिल है। घटना में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने दो बालिग आरोपियों को जेल भेज दिया है, जबकि नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह भेजा गया है। इस पूरे ऑपरेशन में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम और साइबर सेल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके कारण इतनी त्वरित सफलता मिल सकी।
Source link