Last Updated:
Ujjain News: 11 अप्रैल को बुध के मीन राशि में प्रवेश करते ही सूर्य, मंगल, शनि और बुध एक ही राशि में एकत्र हो जाएंगे. इस संयोग से शक्तिशाली चतुर्ग्रही योग बनेगा, जो कुछ राशियों के लिए नकारात्मक साबित हो सकता है.
उज्जैन. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार ग्रहों की बदलती चाल कई बार जीवन में अस्थिरता और परेशानियां बढ़ा देती है. जब बुध ग्रह अपनी स्थिति बदलता है, तो इसका असर खासतौर पर सोच, बोलचाल और व्यापार पर नकारात्मक रूप से दिखाई देने लगता है. इस समय लोगों को गलत फैसले लेने का खतरा बढ़ जाता है, जिससे आर्थिक नुकसान और रिश्तों में तनाव पैदा हो सकता है. कार्यक्षेत्र में भी भ्रम की स्थिति बनती है और मेहनत के बावजूद अपेक्षित परिणाम नहीं मिलते. कई बार छोटी-छोटी गलतफहमियां बड़े विवाद का रूप ले सकती हैं, इसलिए इस दौरान सतर्क रहना बेहद जरूरी होता है क्योंकि जरा सी लापरवाही भी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है.
उज्जैन के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज के अनुसार, अप्रैल में ग्रहों की चाल एक बेहद खास योग बना रही है. 11 अप्रैल को बुध के मीन राशि में प्रवेश करते ही सूर्य, मंगल, शनि और बुध एक ही राशि में एकत्र हो जाएंगे. इस संयोग से शक्तिशाली चतुर्ग्रही योग का निर्माण होगा, जो कुछ राशि के जातकों के लिए नकारात्मक साबित होने वाला है. आइए जानते हैं वह कौन सी राशियां हैं और किन उपायों से राहत मिलेगी.
ये राशियां रहें सावधान
मेष- इस राशि के लोगों के लिए बुध का यह परिवर्तन अनुकूल संकेत नहीं दे रहा है. आने वाले समय में सेहत से जुड़ी परेशानियां उभर सकती हैं. कामकाज में रुकावटें और नुकसान की स्थिति बन सकती है. मानसिक दबाव बढ़ने से निर्णय लेने में कठिनाई होगी. जल्दबाजी में कोई भी नया काम शुरू करना भारी पड़ सकता है. वाणी पर नियंत्रण न रखने से रिश्तों में कड़वाहट और बड़े विवाद खड़े हो सकते हैं, जो कानूनी झंझट तक पहुंच सकते हैं. ऐसे में सावधानी रखें, सोच-समझकर कदम बढ़ाएं और धैर्य बनाए रखें.
सिंह- बुध के राशि परिवर्तन का प्रभाव सिंह राशि के जातकों के लिए थोड़ा कठिन समय लेकर आ सकता है. आर्थिक मामलों में अस्थिरता महसूस हो सकती है, इसलिए बेवजह खर्च करने से बचना बेहद जरूरी रहेगा. आपकी वाणी इस दौरान अहम भूमिका निभाएगी क्योंकि छोटी सी गलती भी रिश्तों में तनाव बढ़ा सकती है. परिवार या करीबी लोगों से मतभेद की स्थिति बन सकती है. ऐसे में धैर्य और समझदारी से काम लें ताकि परिस्थितियां ज्यादा बिगड़ने न पाएं.
तुला- इस राशि के जातकों के लिए बुध का परिवर्तन कठिन परिस्थितियों का संकेत दे रहा है. मन में बेचैनी और तनाव बढ़ सकता है, जिससे दैनिक कार्यों में बाधा आ सकती है. व्यापार से जुड़े मामलों में नुकसान होने की आशंका है और आर्थिक स्थिति भी कमजोर पड़ सकती है. किसी भी प्रकार के निवेश या लेनदेन में विशेष सतर्कता रखें. जल्दबाजी में लिए गए फैसले नुकसान दे सकते हैं. साथ ही वाहन चलाते समय लापरवाही बिल्कुल न करें, अन्यथा दुर्घटना की संभावना बनी रहेगी.
जरूर करें ये उपाय
इन तीनों राशियों के जातकों को अशुभ परिणामों को कम करने के लिए गणेश भगवान के मंत्रों का जाप करना चाहिए. इसके साथ ही गणपति महाराज को हरे रंग की मिठाई का भोग लगाना चाहिए और रोजाना पशुओं को हरा चारा खिलाने के साथ-साथ हरी रंग की वस्तुओं का दान गरीबों में करना चाहिए.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.