टीकमगढ़ में सोमवार को प्रशासन ने सिविल लाइन रोड पर फुटपाथ से अवैध अतिक्रमण हटाया। यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अतिक्रमण का मुद्दा उठने के बाद की गई। नगर पालिका की टीम ने अभियान चलाकर फुटपाथ पर अवैध तरीके से रखी दुकानों और अन्य कब्जों को जेसीबी की मदद से हटाया। एक सप्ताह पहले हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में शहर में बढ़ते अतिक्रमण पर चिंता व्यक्त की गई थी। इसे हटाने के निर्देश दिए गए थे। प्रशासन की इस कार्रवाई से प्रभावित दुकानदारों में हड़कंप मच गया। ज्यादातर दुकानदार खुद अपने हाथ ठेले और दुकानें फुटपाथ से हटाते नजर आए। सुरक्षा के तौर पर मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। एसडीएम संस्कृति मुदित लिटोरिया और तहसीलदार सतेंद्र सिंह गुर्जर भी मौके पर पहुंचे हैं। कई बार दी गई थी हिदायत इसके पहले फुटपाथ पर अवैध कब्जा जमाए बैठे लोगों को कई बार हिदायत दी जा चुकी है। बावजूद इसके लोगों ने अवैध कब्जा नहीं हटाया। अस्पताल चौराहा से लेकर ईदगाह तक सड़क के दोनों ओर लोगों ने अस्थाई दुकानें जमा कर फुटपाथ पर कब्जा कर लिया है। नगर पालिका ने लोगों के बैठने के लिए फुटपाथ पर बेंच लगाई थी, लेकिन अवैध कब्जा करने वालों ने बेंच हटा दी। जिसके चलते लोगों को फुटपाथ पर चलने के लिए जगह तक नहीं बची है। सड़क सुरक्षा समिति बैठक के दौरान यातायात प्रभारी कैलाश पटेल ने यह मुद्दा उठाया था। उन्होंने बताया था कि पुलिस कंट्रोल रूम के आगे लगातार लोग दुकानें रखते चले जा रहे हैं। बैठक में मुद्दा उठने के बाद आज प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए अतिक्रमण हटाओ मुहिम चलाई है।
Source link