ग्वालियर. एमपी में 10वीं-12वीं की परीक्षा की कॉपियां जांच रहे शिक्षकों को कॉपियों में छात्रों की तरफ से लिखे गए अजीबो-गरीब गुजारिश, गुहार, प्रपोज़ल पढ़ने को मिल रहे हैं. कॉपी में एक छात्र ने लिखा-सर आप मुझे पास कर दीजिए, मेरी एकमात्र सुंदर साली से आपकी शादी कर दूंगा
वहीं एक अन्य छात्रा ने लिखा, ‘सर मेरा रिश्ता हो गया है, मुझे पास कर दीजिए नहीं तो मेरी शादी नहीं हो पाएगी.’ कुछ छात्र छात्राओं ने अपने ब्रेकअप के चलते पढ़ाई न हो पाने का जिक्र लिख पास करने की गुजारिश की है. लगभग 35 से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने अपनी मां और पिता की बीमारी का हवाला देकर पास करने की गुहार लगाई है.
पहले पढ़िए कि छात्रों ने क्या-क्या लिखा है…
1- छात्र ने लिखा- सर मुझे पास कर दो मेरी साली से आपकी शादी करवा दूंगा.
2- छात्रा ने लिखा- सर में फेल हो गई तो मेरी शादी टूट जाएगी, प्लीज पास कर दीजिए
3- छात्र ने लिखा- सर गर्लफ्रेंड ने ब्रेकअप कर लिया तो पढ़ाई नहीं कर पाया. कृपा मुझे पास कर दीजिए
4- छात्रा ने लिखा- सर शादी होने वाली है फैल हो गई तो पति प्रताड़ित करेगा, मुझे पास कर दीजिए.
5- करीब 23 से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने अपनी माता-पिता को कैंसर या अन्य बीमारी होना बताया और लिखा कि बीमारी के चलते पढ़ाई नहीं हो पाई, आप पास कर दीजिए हमारी मां दुआएं देंगी.
कुछ छात्रों ने कॉपी में इमोशनल शायरी लिखी
ग्वालियर में कॉपियां जांचने वाले केंद्र पर जाकर हमारे सहयोगी ने बात की और जाना कि परीक्षार्थियों ने किस तरह की गुहार लिखी है. कॉपी जांचने वाले शिक्षकों ने बताया कि कुछ छात्र-छात्राओं ने कॉपी के साथ 500 रुपए का नोट कॉपी में रखा और लिखा कि सर पास कर दीजिए. कुछ छात्रों ने कॉपी में इमोशनल शायरी लिख दी. कुछ ने फोन नंबर लिखकर पास करने की एवज में ऑनलाइन रिश्वत भेजने की पेशकश लिखी है.
100 से ज्यादा छात्र-छात्राओं की कॉपी में गुजारिश की
मूल्यांकन प्रभारी का कहना है कि कॉपियों पर QR कोड होने से छात्र छात्राओं और अभिवावकों को कॉपियों वाले स्थान का पता ही नहीं लगता है, यही वजह है कि कमज़ोर और पढ़ाई न करने वाले छात्र छात्राएं कॉपियों में इमोशनल संदेश लिखते हैं. इस बार100 से ज्यादा छात्र-छात्राओं की कॉपी में गुजारिश, दलील प्रपोज और विश्व की पेशकश लिखी हुई थी, लेकिन शिक्षकों ने इस पर ध्यान देने की बजाय सिर्फ मूल्यांकन किया है.