खंडवा पुलिस ने एक शख्स को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है, जो कि कुल्फी बेचने का काम करता है। शहर के मुख्य बाजार में ठेला लगाकर कुल्फी बेचता है। उसके कब्जे से दो पिस्टल बरामद की गई है। जिसे कि उसने अपनी कमर में छिपाकर रखा था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खरगोन के सिकलीगर से पिस्टल खरीदना बताया है। सिटी एसपी अभिनव बारंगे ने बताया कि, शहर में अवैध हथियारों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत कोतवाली पुलिस ने एक युवक को दो देशी पिस्टलों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ‘गोलू उर्फ होजेफा’ शहर में हथियार लेकर घूम रहा था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। बताया कि, 6 अप्रैल को सब इंस्पेक्टर रामप्रकाश यादव अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गुलमोहर कॉलोनी निवासी ‘गोलू तेली’ कब्रिस्तान रोड क्षेत्र में अवैध पिस्टल लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर हरिश्चंद्र मुक्तिधाम रोड पर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी में मिलीं दो पिस्टल पकड़े गए युवक ने अपना नाम होजेफा उर्फ गोलू तेली (32) पिता अलीमउद्दीन बताया। तलाशी के दौरान उसकी कमर में बेल्ट के अंदर छिपाकर रखी गई दो देशी पिस्टल बरामद हुईं। दोनों पिस्टलों में मैगजीन भी लगी हुई थी। आरोपी के पास हथियार रखने के कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। वह एक पिस्टल बेचकर दूसरी पिस्टल दादागिरी के लिए अपनी पास रखना चाहता था। खरगोन से खरीदी थीं पिस्टल प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने खरगोन जिले के ग्राम सिगनुर से दो अलग-अलग व्यक्तियों से ये देशी पिस्टल खरीदी थीं। पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी साल 2023 में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है।
Source link