Last Updated:
पन्ना जिले में भ्रष्टाचार का एक ऐसा मामला है, जिससे विधायक राजेश वर्मा भी गुस्सा हो गए. दरअसल में कुछ समय पहले ही 29 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण हुआ था. लेकिन अब इसका डामर हाथ से उखड़ने लगा और गुणवत्ता पर बड़े सवाल खड़े होने लगे. खराब सड़क को देकर विधायक भड़क गए और उन्होंने अधिकारियों को फटगार लगाई.
पन्ना में पपड़ी की तरह उखड़ने लगी सड़क
रिपोर्ट-आचार्य शिवकांत
Panna News: पन्ना जिले की गुनौर विधानसभा में सकरिया–डिघोरा सड़क निर्माण में बड़ा भ्रष्टाचार सामने आया हैं. करीब 29 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण के कुछ समय बाद ही जर्जर हो गई है. दरअसल मामला तब उजागर हुआ जब निरीक्षण के दौरान भाजपा विधायक डॉ. राजेश वर्मा ने सड़क की हालत पर नाराजगी जताई. उन्होंने हाथ से डामर उखाड़कर गुणवत्ता पर सवाल उठाए और संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई. साथ ही मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.
जगह-जगह से उखड़ी सड़क
पन्ना जिले के गुनौर क्षेत्र में करोड़ों की लागत से बनी सकरिया-डिघोरा सड़क अब भ्रष्टाचार की कहानी बयां कर रही है. CRF के तहत स्वीकृत करीब 29 किलोमीटर लंबी यह सड़क जगह-जगह से उखड़ चुकी है और गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है।मामले की गंभीरता को देखते हुए गुनौर विधायक डॉ. राजेश वर्मा मौके पर पहुंचे और सड़क का निरीक्षण किया.
विधायक ने जांच की मांग की
इस दौरान विधायक राजेश वर्मा ने हाथ से डामर उखाड़कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की पोल खोल दी. विधायक ने नाराजगी जताते हुए कहा कि इस मामले में पहले भी शिकायतें और पत्र दिए गए. लेकिन सुधार नहीं हुआ, जिससे उन्होंने निर्माण एजेंसी पर घटिया काम का आरोप लगाते हुए जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है.
राजेश भारतीय जनता पार्टी के तेजतर्रार नेता माने जाते हैं, जो जमीन पर रहकर काम करते हैं. साल 2008 में उन्होंने विधानसभा का चुनाव जीता था. इसके बाद उन्हें टिकट नहीं मिला. फिर साल 2023 में उन्होंने दोबारा से विधानसभा चुनाव जीता, तब उन्होंने कांग्रेस के जीवन लाल सिद्धार्थ को हराया था.