शिवपुरी में अचानक बदला मौसम, कलेक्ट्रेट का होर्डिंग गिरा: तेज आंधी-बारिश से तापमान में गिरावट, गर्मी से मिली राहत, 9 अप्रैल तक अलर्ट – Shivpuri News

शिवपुरी में अचानक बदला मौसम, कलेक्ट्रेट का होर्डिंग गिरा:  तेज आंधी-बारिश से तापमान में गिरावट, गर्मी से मिली राहत, 9 अप्रैल तक अलर्ट – Shivpuri News




शिवपुरी शहर में मंगलवार दोपहर अचानक मौसम बदल गया। तेज हवाओं के साथ करीब आधे घंटे तक जोरदार बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद हल्की बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विभाग ने जिले और आसपास के क्षेत्रों के लिए 9 अप्रैल तक आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। मंगलवार दोपहर को शिवपुरी में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। हवाएं 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं, जिससे धूल भरी आंधी का माहौल बन गया। इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली और तापमान में अचानक गिरावट आई। कलेक्ट्रेट परिसर में गिरा होर्डिंग
तेज हवाओं का असर इतना अधिक था कि कलेक्ट्रेट परिसर में लगा एक बड़ा होर्डिंग उखड़कर सड़क पर आ गिरा। बारिश के बाद शहर का मौसम सुहावना हो गया, हालांकि कुछ समय तक हल्की बूंदाबांदी जारी रही। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर धूल उड़ती दिखी, जिससे दृश्यता भी प्रभावित हुई। पश्चिमी विक्षोभ के कारण बदला मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (वेदर सिस्टम) सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से अगले कुछ घंटों में राज्य के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना है। कई जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने भिंड और श्योपुर जिलों के लिए मध्यम गरज के साथ आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। इसके अतिरिक्त, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना, दतिया, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़, सतना, चित्रकूट और रीवा जिलों में हल्की गरज के साथ बिजली गिरने और बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। 9 अप्रैल तक बना रहेगा असर
आईएमडी (भारतीय मौसम विज्ञान विभाग) भोपाल के अनुसार, इस वेदर सिस्टम का असर 9 अप्रैल तक प्रदेश के ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभागों में बना रहेगा। मंगलवार को राज्य के कुल 34 जिलों में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया था। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आकाशीय बिजली से बचाव के उपाय करने की सलाह दी है।



Source link