भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के भिंड आगमन पर शहर में लगाए गए स्वागत बैनर और होर्डिंग से जिलाध्यक्ष और सांसद संध्या राय की फोटो गायब है। हाल ही में जिला कार्यकारिणी में मंत्री बनाए गए पवन जैन के बैनरों में जिलाध्यक्ष को जगह नहीं मिली है, जिससे पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी और समन्वय की कमी सामने आ गई है। वर्तमान में पवन जैन ने अपने बेटे द्वारा बैनर लगाने की सफाई दी है और संगठन प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत व बैठकों की तैयारियों में जुटा हुआ है। जिलाध्यक्ष और सांसद को बैनर में नहीं मिली जगह
हाल ही में घोषित जिला कार्यकारिणी में जिला मंत्री बनाए गए पवन जैन द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर स्वागत बैनर लगाए गए हैं। इन बैनरों में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और अन्य नेताओं के फोटो तो प्रमुखता से लगाए गए हैं, लेकिन जिला अध्यक्ष का फोटो नदारद है। इतना ही नहीं, कई अन्य पदाधिकारियों के बैनरों में भी सांसद संध्या राय की तस्वीर नहीं दिखाई दी, जबकि इन बैनरों में अन्य जनप्रतिनिधियों और नेताओं को स्थान दिया गया है। इससे यह कयास लगाए जा रहे हैं कि पार्टी के भीतर समन्वय की कमी और गुटबाजी की स्थिति बनी हुई है। जिला मंत्री बोले- मुझे जानकारी नहीं थी
इस पूरे मामले में जब जिला मंत्री पवन जैन से बात की गई तो उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि, “ये बैनर जैन समाज की ओर से लगाए गए हैं और इन्हें मेरे बेटे ने लगवाया है। इस संबंध में मुझे पहले से जानकारी नहीं थी।” उन्होंने पार्टी में किसी भी तरह के मतभेद या तालमेल की कमी होने से इनकार किया है। संगठन ने पूरी की स्वागत की तैयारियां
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के प्रथम आगमन को लेकर संगठन और जनप्रतिनिधियों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। बैठक स्थल का चयन किया जा चुका है और स्वागत को लेकर विधायक, पार्षद सहित पार्टी कार्यकर्ता सक्रिय हैं। बावजूद इसके, प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत से पहले बैनरों के जरिए सामने आई गुटबाजी की इस तस्वीर ने संगठन के भीतर की स्थिति पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Source link