दमोह से हटा, कुंडलपुर और खजुराहो को जोड़ने वाली नई रेल लाइन के सर्वे को मंजूरी मिल गई है। दमोह सांसद राहुल सिंह ने बुधवार को अपने निवास पर मीडिया को इस फैसले की जानकारी दी।
.
सांसद राहुल सिंह ने बताया कि उन्होंने रेल मंत्री से दमोह से हटा, कुंडलपुर, खजुराहो और पन्ना तक नई रेल लाइन बिछाने की मांग की थी, जिसे स्वीकार कर लिया गया है।
अब विभाग इस लाइन के लिए सर्वे का काम शुरू करेगा। यह रेल मार्ग करीब 125 किलोमीटर लंबा होगा, जिससे दमोह और खजुराहो के बीच सीधी कनेक्टिविटी हो जाएगी।
हटा में उद्योग बढ़ने की उम्मीद
सांसद का कहना है कि रेल लाइन शुरू होने के बाद हटा एक औद्योगिक शहर के रूप में उभरेगा। रेल सुविधा मिलने से क्षेत्र में व्यापार बढ़ेगा और विकास के नए मौके मिलेंगे।
भविष्य की योजनाएं
खजुराहो से छतरपुर और सागर होते हुए भोपाल तक करीब 325 किलोमीटर लंबे एक अन्य मार्ग के सर्वे की भी योजना है।
दमोह से हटा होते हुए खजुराहो जाने वाली लाइन से पन्ना भी जुड़ेगा।
सांसद ने इस काम के लिए प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का आभार जताया है। उनका कहना है कि इस रेल लाइन के बनने से पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी।