Last Updated:
Chhatarpur News: हरियाणा से मध्य प्रदेश के बागेश्वर धाम एक परिवार अपने मूक-बधिर बच्चे को झाड़ा लगवाने के लिए लाया था. लेकिन मासूम की पानी के गड्डे में डूबने से मौत हो गई. इसके बाद परिजनों ने होटल संचालकों पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं.
छतरपुर में मां का रो-रोकर बुरा हाल
Chhatarpur Bageshwar Dham News: छतरपुर का बागेश्वर धाम पूरे देश में प्रसिद्ध है और यहां हजारों श्रद्धालु रोज दर्शन के लिए पहुंचते हैं. अब बागेश्वर धाम में होटल संचालक की लापरवाही से 6 साल के एक मूक बधिर मासूम बच्चे के मौत का मामला सामने आया है. मृतक की मां का रो-रोकर बुरा हाल है और उसका कहना है कि वह सुबह ही यहां पर आए थे और यह अनहोनी घटना घट गई. मृतक की मां सुनीता शर्मा ने कहा कि उनका ये इकलौता बेटा था. पता नहीं कैसे खेलते-खेलते गड्डे में गिर गया और उसमें पानी भरा हुआ था
दरअसल हरियाणा के रेवाड़ी के रहने बाले प्रवीण कुमार शर्मा अपने परिवार के साथ बागेश्वर धाम आए थे. वह अपने 6 साल के मूक बधिर बेटे दिव्यांश को झाड़ा लगवाने के लिए लेकर आए थे. ताकि वह बोलने लगे. वह बागेश्वर धाम में स्थित एक होटल में रुके हुए थे. होटल के पीछे खराब पानी के लिए एक गड्ढा खुदा हुआ था, जिसमें गंदा पानी भरा था और इसी गड्ढे के पास 6 साल का मासूम खेलते खेलते चला गया और वह पानी में डूब गया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
जब तलाश की तो उसका शव पानी से भरे गड्ढे में मिला, जिसके बाद परिजनों में मातम छा गया. वही घटना की सूचना मिलते ही बमीठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस इस संबंध में कई लोगों से बातचीत भी कर रही है. एएसपी आदित्य पटले ने कहा कि परिजनों ने बताया है कि पानी की टंकी में गिरने से उसकी मौत हुई है. जो भी तथ्य सामने आएंगे. उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
परिजनों ने होटल संचालक पर लगाए लापरवाही के आरोप
घटना के बाद परिजनों ने होटल संचालक पर लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था में चूक के आरोप लगाए हैं, घटना से एक बात तो जाहिर है कि बागेश्वर धाम जैसी जगह पर नियम कायदों को ठेंगा दिखाकर होटल संचालित हैं और जिसकी वजह से जानलेवा हादसे हो रहे हैं.