Last Updated:
Dhar News: एमपी के धार में लूट की आड़ में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की सुपारी देकर हत्या करवाई. पुलिस ने मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. क्या है पूरा मामला, पढ़िए रिपोर्ट…
Dhar Crime News: मध्य प्रदेश के धार जिले से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जिसने रिश्तों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. यहां लूट की आड़ में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या की साजिश रच डाली. पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है. इस घटना 7 अप्रैल की रात की है, जब धार के गोंदीखेड़ा चारण गांव में रहने वाले मिर्ची व्यापारी देवकृष्ण के घर देर रात करीब 2 बजे कुछ अज्ञात लोग घुस आए. हमलावरों ने घर में घुसते ही देवकृष्ण और उनकी पत्नी प्रियंका के साथ मारपीट की और घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब 50 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए. शुरू में यह मामला एक सामान्य लूट की घटना लग रहा था, लेकिन पुलिस को कुछ बातें संदिग्ध लगीं.
पुलिस ने की सख्ती से पूछताछ
जांच के दौरान पुलिस का शक मृतक की पत्नी प्रियंका पर गया. उसे हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो पूरे मामले का चौंकाने वाला खुलासा हुआ. प्रियंका ने कबूल किया कि उसने ही अपने पति की हत्या की साजिश रची थी. उसने बताया कि उसका राजगढ़ निवासी कमलेश के साथ प्रेम संबंध था और वह अपने पति से परेशान थी.
पति को रास्ते से हटाने के लिए प्रियंका ने अपने प्रेमी कमलेश के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई. इस साजिश के तहत कमलेश ने अपने दोस्त सुरेंद्र को 1 लाख रुपए की सुपारी देकर देवकृष्ण की हत्या करवाने का इंतजाम किया. इस पूरी घटना को लूट का रूप देने के लिए घर में हमला कर लूटपाट भी की गई, ताकि किसी को शक न हो.
मामला प्रेम प्रसंग और अवैध संबंधों से जुड़ा
धार के एसपी मयंक अवस्थी ने बताया कि यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग और अवैध संबंधों से जुड़ा हुआ है. पुलिस ने आरोपी पत्नी प्रियंका और उसके प्रेमी कमलेश को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी सुरेंद्र अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है. पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की आगे की जांच जारी है.
About the Author
Deepti Sharma, currently working with News18MPCG (Digital), has been creating, curating and publishing impactful stories in Digital Journalism for more than 6 years. Before Joining News18 she has worked with Re…और पढ़ें