सरेआम फायरिंग से थर्राया इलाका, कानों को छूती हुई निकली गोलियां; बाल-बाल बचा दुकादार

सरेआम फायरिंग से थर्राया इलाका, कानों को छूती हुई निकली गोलियां; बाल-बाल बचा दुकादार


Last Updated:

Guna News: गुना के नानाखेड़ी मंडी गेट के पास एक व्यक्ति ने आपसी रंजिश की वजह से दुकानदार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. इससे इलाके में दहशत फैल गई. कई गोलियां दुकानदार के कानों को छूती हुई दीवार में जा धंसी. इसके बाद आरोपी जब भाग रहा था, तो दुकानदार ने दिलेरी दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और फिर पुलिस के हवाले कर दिया.

Zoom

गुना में बीच-बाजार हुई फायरिंग

Guna Firing News: गुना शहर का व्यस्ततम इलाका नानाखेड़ी मंडी गेट उस समय थर्रा उठा, जब एक युवक ने पुरानी रंजिश के चलते एक वाहन दुकान संचालक पर पिस्तौल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. हमले की यह वारदात इतनी सनसनीखेज थी कि गोलियां दुकानदार के कानों को छूते हुए दुकान की दीवारों में जा धंसी. कुदरत का करिश्मा ही था कि हमलावर की तीसरी गोली पिस्तौल में फंस गई, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई. घायल होने से बचे दुकानदार ने साहस दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और शटर में बंद कर पुलिस के हवाले कर दिया.

आरोपी ने दनादन किए दो फायर
राधा कॉलोनी निवासी संजीव जैन की नानाखेड़ी मंडी गेट के पास पुरानी गाडियां खरीदने-बेचने की दुकान है. गुरुवार को संजीव अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी अचानक एक युवक चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए बाइक से वहां पहुंचा. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने चिल्लाते हुए संजीव को ललकारा और कहा कि मैं बताता हूं तुझे, तू बहुत बड़ा गुंडा बनता है. इतना कहते ही आरोपी ने पिस्तौल निकाली और करीब 20 फीट की दूरी से संजीव को निशाना बनाकर दनादन दो फायर झोंक दिए.

पिस्तौल में ही फंस गई तीसरी गोली
संजीव जैन ने फुर्ती दिखाते हुए खुद को बचाया, जिससे दोनों गोलियां उन्हें छुए बिना दुकान की दीवार में जा धंसी. हमलावर ने जैसे ही तीसरा फायर करने की कोशिश की. गोली पिस्तौल के चैंबर में ही फंस गई.

संजीव ने बहादुरी से आरोपी को पकड़ा
तीसरा फायर अटकते ही आरोपी छोटू बैरागी घबरा गया और मौके से भागने की कोशिश करने लगा. लेकिन दुकानदार संजीव जैन ने हार नहीं मानी और शोर मचाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को घेर लिया. अपनी जान की परवाह न करते हुए संजीव ने आरोपी को पकड़कर दुकान के अंदर धकेला और बाहर से शटर गिराकर उसे कैद कर दिया. सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले आई. पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस के छर्रे और खोखे बरामद किए हैं.

दो दिन पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह
वारदात के पीछे की वजह महज दो-तीन दिन पुराना एक मामूली विवाद बताया जा रहा है. फरियादी संजीव जैन के अनुसार दो दिन पहले उनके दुकान कर्मचारी का आरोपी छोटू बैरागी के साथ एक्सीडेंट को लेकर विवाद हुआ था. मामला कोतवाली थाने तक भी पहुंचा था और मेडिकल भी कराया गया था. चूंकि आरोपी संजीव के ससुराल पक्ष के पड़ोस में रहता था, इसलिए सामाजिक समझाने के बाद समझौता हो गया था. लेकिन आरोपी के मन में खुन्नस बाकी थी, जिसे अंजाम देने के लिए वह गुरुवार को कट्टा लेकर हत्या के इरादे से पहुंच गया.

पुलिस की कार्रवाई जारी
देर शाम तक कैंट थाने में आरोपी छोटू बैरागी के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी रही. दिनदहाड़े मंडी जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस फायरिंग की घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि आरोपी के पास अवैध हथियार कहां से आया.



Source link