खरगोन-बड़वानी सांसद गजेंद्रसिंह पटेल ने गुरुवार शाम बड़वानी जिला मुख्यालय पर चल रहे सीवरेज प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को कार्य की गुणवत्ता सुधारने और इसे शीघ्र पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। इस दौरान नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव ने सांसद के निरीक्षण पर कटाक्ष करते हुए इसे दो साल की देरी से उठाया गया कदम बताया। सड़कों पर गड्ढे और उड़ती धूल से जनता परेशान सांसद ने स्वीकार किया कि शहर में सीवरेज 1, 2 और 3 के कार्यों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। सड़कों को खोदकर अधूरा छोड़ने और धूल उड़ने के कारण स्थानीय लोगों में एलर्जी व सांस संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी खुदाई हुई है, वहां प्राथमिकता के आधार पर सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित की जाए। गंदा पानी घरों में पहुंचने से स्वास्थ्य का खतरा निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि कई स्थानों पर सीवरेज लाइन और पेयजल लाइन आपस में मिल गई हैं। इसके कारण लोगों के घरों तक दूषित पानी पहुंच रहा है, जिससे महामारी की आशंका बनी हुई है। सांसद ने निर्माण एजेंसी को चेतावनी दी कि यदि मापदंडों के अनुसार काम नहीं हुआ, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नेता प्रतिपक्ष ने ‘ट्रिपल इंजन’ सरकार पर कसा तंज नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव ने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों से शहर सीवरेज कंपनी के ‘आतंक’ और लापरवाही से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि “ट्रिपल इंजन” की सरकार होने के बावजूद बड़वानी की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। जाधव ने सवाल उठाया कि दो साल तक जनता की पीड़ा पर जनप्रतिनिधि खामोश क्यों रहे। अधूरे कार्यों से आए दिन हो रहे हादसे जाधव के अनुसार, शहर के लगभग हर क्षेत्र में गड्ढों के कारण बसें और ट्रक फंस रहे हैं, जिससे आए दिन राहगीर घायल हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि सीवरेज कंपनी की कार्यप्रणाली की जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़कों को चलने योग्य बनाने की अपील की है।
Source link