धार के सांदीपनी विद्यालय में आयोजित साइकिल वितरण कार्यक्रम के दौरान एक शिक्षिका मंच पर भावुक हो गईं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद शिक्षिका मेघना शर्मा ने विधायक नीना वर्मा की मौजूदगी में रोते हुए अपने तबादले की मांग रखी। शिक्षिका मेघना शर्मा ने आरोप लगाया कि वह ईमानदारी से काम कर रही हैं, इसके बावजूद उन्हें बार-बार नोटिस दिए जा रहे हैं। इससे वह मानसिक रूप से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि अब वह इस विद्यालय में काम नहीं कर पाएंगी और उन्हें कहीं भी स्थानांतरित कर दिया जाए। स्थिति को देखते हुए विधायक नीना वर्मा ने शिक्षिका को शांत कराया और उनकी पूरी बात सुनी। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि यदि शिक्षिका यहां काम नहीं करना चाहती हैं, तो उनके तबादले की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए। विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी कर्मचारी को मानसिक रूप से परेशान नहीं होने दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर संबंधित मामले में कार्रवाई भी की जाएगी। प्राचार्य ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं, विद्यालय की प्राचार्य डॉ. स्मृति रतन मिश्र ने शिक्षिका के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष साइकिल वितरण में हुई लापरवाही के कारण शिक्षिका को कारण बताओ नोटिस दिया गया था, जिससे वह व्यथित हैं। प्रशासन ने बताया सामान्य प्रक्रिया
सहायक आयुक्त ट्राइबल विभाग नरोत्तम बरकड़े ने बताया कि साइकिल वितरण में कुछ अनियमितताओं के आधार पर शिक्षिका को शोकॉज नोटिस जारी किया गया है। उनका जवाब मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इसे सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया बताया। इस पूरे घटनाक्रम ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। अब इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।
Source link