राजगढ़ जिले के खिलचीपुर दशहरा मैदान के पास जमीन पर की गई तार फेंसिंग के मामले में प्रशासनिक आदेशों के बाद भी स्थिति नहीं बदली है। गुरुवार को तहसीलदार अनिल शर्मा ने मौके पर पहुंचकर आरआई और पटवारी जीतमल दांगी की मौजूदगी में जमीन पर लगाए गए खंभे और तार फेंसिंग तत्काल हटवाने के निर्देश दिए थे। फेंसिंग करने वाले इमरान को भी स्पष्ट कहा गया था कि जमीन से खंभे और तार हटाए जाएं और यहां किसी भी प्रकार का नया निर्माण नहीं किया जाए। इसके बावजूद शुक्रवार सुबह तक जमीन से न तो खंभे हटाए गए और न ही तार फेंसिंग हटाई गई। ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि जब तहसीलदार ने मौके पर ही आरआई और पटवारी को फेंसिंग तत्काल हटवाने के निर्देश दिए थे, तो फिर कार्रवाई क्यों नहीं हो पाई। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इस जमीन पर रातों-रात सीमेंट के खंभे गाड़कर तार फेंसिंग कर दी गई थी। जानकारी मिलने पर प्रशासन ने पहले निर्माण कार्य रुकवाया था, लेकिन बाद में फेंसिंग बढ़ाए जाने की भी बात सामने आई थी। नहीं हटे खंभे-तार तो आंदोलन करेंगे: संजय जायसवाल हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि दशहरा मैदान के समीप स्थित इस जमीन पर वर्षों से बाहर से आने वाले लोग अपने वाहनों की पार्किंग करते रहे हैं। हर साल दशहरा पर्व देखने करीब 20 हजार से अधिक लोग यहां आते हैं और अपने वाहन इसी स्थान पर खड़े करते हैं। उन्होंने कहा कि यह शासकीय भूमि है, जिस पर कुछ लोगों ने 2016 में गलत तरमीम उठवाई थी, और अब 4 दिन पहले रातों-रात तार फेंसिंग कर दी है। इसकी जानकारी मिलने पर उन्होंने गुरुवार को कलेक्टर, एसडीएम और तहसीलदार को सूचना दी थी। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और खंभे व तार हटाने के निर्देश दिए थे। जायसवाल ने कहा कि इसके बावजूद कब्जा करने वालों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने प्रशासन के आदेश को भी नहीं माना। यदि जमीन से तार फेंसिंग और खंभे नहीं हटाए गए तो सकल हिंदू समाज इस मामले में आंदोलन करेगा। तहसीलदार अनिल शर्मा ने बताया कि कल में मौके पर गया था, मोने तार फैंसिंग और खम्बे हाटने के लिए बोला था, में इसकी जानकारी लेता हूं।
Source link