बैतूल के पुलिस ग्राउंड में चल रहे विराट भक्ति सत्संग में आज (शुक्रवार) विद्यार्थियों के लिए विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें परमपूज्य सुधांशु जी महाराज ने बच्चों को पढ़ाई, एकाग्रता और जीवन में सफलता के महत्वपूर्ण सूत्र बताए। इस दौरान मानसरोवर, आरडी सहित शहर के कई स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में शामिल हुए। सत्र के दौरान बच्चों ने महाराज श्री से कई सवाल पूछे। गुस्सा ज्यादा आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जिस काम में कामयाब होना चाहते हैं, उससे प्रेम करना सीखें, इससे मन स्थिर होता है और गुस्सा कम होता है। वहीं तरक्की कैसे करें के सवाल पर उन्होंने निरंतर अभ्यास और मन लगाकर काम करने की सलाह दी। पढ़ाई में कंसंट्रेशन बढ़ाने के लिए उन्होंने ध्यान, अनुशासन और नियमित अभ्यास को जरूरी बताया। इस अवसर पर कई शिक्षाविद् और समाजसेवी भी मौजूद रहे, जिन्होंने बच्चों को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। पूरे सत्र में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और मार्गदर्शन प्राप्त किया। 12 अप्रैल तक चलेगा भक्ति सत्संग
गौरतलब है कि विश्व जागृति मिशन बैतूल मंडल द्वारा सनातन संस्कृति जागरण अभियान के तहत 9 से 12 अप्रैल तक यह भक्ति सत्संग आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत 9 अप्रैल को हुई थी और इसमें मध्यप्रदेश व महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। प्रतिदिन सुबह और शाम प्रवचन हो रहे हैं, जबकि 12 अप्रैल को मंत्र दीक्षा का आयोजन होगा। सुधांशु जी महाराज का परिचय
सुधांशु जी महाराज देश के प्रसिद्ध आध्यात्मिक वक्ता और समाज सुधारक हैं। वे विश्व जागृति मिशन के संस्थापक हैं और उनके प्रवचनों में जीवन प्रबंधन, नैतिकता, पारिवारिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति पर विशेष जोर रहता है। उन्होंने देश-विदेश में अपने सत्संगों के माध्यम से लाखों लोगों को प्रेरित किया है। आयोजन समिति के अनुसार इस सत्संग का उद्देश्य समाज में संस्कार, सकारात्मक सोच और नैतिक मूल्यों का प्रसार करना है। साथ ही इस अभियान के तहत 10 गुरुकुल और 108 संस्कार केंद्रों की स्थापना का लक्ष्य भी रखा गया है।
Source link