इलेक्ट्रिक कार (EV) का नाम सुनते ही सबसे पहले मन में ‘रेंज एंग्जायटी’ यानी बैटरी खत्म होने का डर आता है. खासकर जब बात लंबी दूरी की ट्रिप की हो, तो ये चिंता और भी बढ़ जाती है. हालांकि, हकीकत ये है कि आज की एडवांस तकनीक और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर ने इस डर को काफी हद तक खत्म कर दिया है.
अब इलेक्ट्रिक कार से पहाड़ों की सैर हो या समंदर किनारे का सफर, सब कुछ मुमकिन है. बस जरूरत है थोड़ी स्मार्ट प्लानिंग और सही ट्रिक्स अपनाने की. अगर आप भी अपनी EV को घर से बाहर निकाल कर एक लंबी और यादगार ट्रिप पर ले जाने की सोच रहे हैं, तो ये खबर आपके लिए ही है. हम जानेंगे कि कैसे EV से लंबी ट्रिप प्लान की जा सकती है.
EV से ऐसे प्लान करें लॉन्ग ट्रिप
डीजल या पेट्रोल वाली गाड़ियों के मुकाबले EV से ट्रिप पर जाना काफी सस्ता विकल्प है, लेकिन लोगों के मन में रेंज को लेकर चिंता बनी रहती है. ऐसे में हम आपके लिए इलेक्ट्रिक कार से लंबी ट्रिप को सफल बनाने के स्मार्ट टिप्स लेकर आए हैं. आप नीचे दिए गए टिप्स को फॉलो करके इलेक्ट्रिक कार से भी लंबी ट्रिप करके आ सकते हैं.
1. रूट की प्री-प्लानिंग (Route Mapping)
किसी भी EV ट्रिप की सफलता उसके रूट पर निर्भर करती है. पेट्रोल कारों की तरह आप हर नुक्कड़ पर चार्जिंग स्टेशन की उम्मीद नहीं कर सकते. हालांकि, समय के साथ तेजी से चार्जिंग इंफ्रा भी दुरुस्त हो रहा है. आप इन ट्रिक्स की मदद ले सकते हैं-
- प्लानर ऐप्स का इस्तेमाल करें: PlugShare या Tata.ev जैसे ऐप्स का उपयोग करें, जो आपको रास्ते में पड़ने वाले सभी फास्ट चार्जर्स की जानकारी देते हैं.
- प्लान-बी तैयार रखें: हमेशा ऐसे रूट चुनें जहां चार्जिंग के एक से ज्यादा विकल्प हों, ताकि अगर एक स्टेशन खराब मिले तो आप दूसरे तक पहुंच सकें.
2. 20-80 का रूल फॉलो करें
बैटरी मैनेजमेंट का सबसे बड़ा मंत्र है ’20-80′ का नियम. अपनी कार की बैटरी को कभी भी 20% से नीचे न जाने दें और फास्ट चार्जिंग के दौरान इसे 80% तक ही चार्ज करें. ऐसा इसलिए करें, क्योंकि 80% के बाद चार्जिंग की रफ्तार बहुत धीमी हो जाती है. 100% फुल करने के चक्कर में समय बर्बाद करने से बेहतर है कि आप 80% पर ही निकल जाएं.
3. ड्राइविंग स्टाइल में बदलाव
आपकी कार कितनी दूर चलेगी, ये काफी हद तक आपके पैर की मूवमेंट पर निर्भर करता है. हाईवे पर स्थिर गति बनाए रखने के लिए क्रूज कंट्रोल का उपयोग करें. रिजेनेरेटिव ब्रेकिंग भी काफी उपयोगी है. पहाड़ों से नीचे उतरते समय या ट्रैफिक में इस फीचर का इस्तेमाल करें. ये ब्रेक लगाने पर पैदा होने वाली ऊर्जा को वापस बैटरी में भेजता है, जिससे आपकी रेंज बढ़ जाती है.
4. चार्जिंग स्टॉप को ब्रेक बनाएं
ट्रिप को बोझ न बनाएं. चार्जिंग के लिए लगने वाले 40-50 मिनट को अपने लंच, डिनर या टी-ब्रेक के साथ अलाइन करें. ऐसे चार्जिंग स्टेशन चुनें जो किसी अच्छे कैफे, होटल या मॉल के पास हों. इससे गाड़ी भी चार्ज हो जाएगी और आप भी रिफ्रेश हो जाएंगे.
5. मौसम और वजन का रखें ख्याल
बाहरी वातावरण आपकी EV की रेंज को प्रभावित करता है. बहुत ज्यादा ठंड या गर्मी में बैटरी जल्दी खत्म होती है. केबिन को पहले से प्री-कंडीशन (Pre-condition) कर लें जब कार प्लग-इन हो. गाड़ी में उतना ही सामान रखें जितनी जरूरत हो. अतिरिक्त वजन रेंज को कम कर देता है.
6. होटल बुकिंग और डेस्टिनेशन चार्जिंग
रात को रुकने के लिए ऐसे होटल बुक करें, जहां EV चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध हो. इसे डेस्टिनेशन चार्जिंग कहते हैं. रात भर में आपकी कार 15A के सॉकेट से भी फुल चार्ज हो जाएगी और आप अगली सुबह पूरी रेंज के साथ निकल पाएंगे.