रायसेन में नरबाई की आग भड़की, कई खेत चपेट में: तेज हवा से रोड तक फैली, धुएं से देर तक वाहन चालक परेशान हुए – Raisen News

रायसेन में नरबाई की आग भड़की, कई खेत चपेट में:  तेज हवा से रोड तक फैली, धुएं से देर तक वाहन चालक परेशान हुए – Raisen News




रायसेन शहर के सेंडोरा चौक के पास शनिवार दोपहर करीब 2 बजे नरबाई में आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। तेज हवा के कारण आग तेजी से आसपास के खेतों में फैल गई और इसका असर रायसेन-भोपाल रोड तक पहुंच गया। घना धुआं उठने से मार्ग से गुजर रहे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि कई खेत इसकी चपेट में आ गए। इस दौरान बड़ी संख्या में पेड़-पौधे झुलस गए। आग करीब तीन घंटे तक लगातार धधकती रही, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दो फायर ब्रिगेड से बुझाई आग
सूचना मिलने पर रायसेन नगर पालिका की दो फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक काफी बड़ा क्षेत्र आग से प्रभावित हो चुका था। यह उल्लेखनीय है कि प्रशासन द्वारा नरबाई जलाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद कुछ किसान मूंग की फसल की तैयारी के लिए खेतों में नरबाई जला रहे हैं। ऐसी लापरवाही के कारण ही इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे नरबाई न जलाएं और नियमों का पालन करें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।



Source link