Last Updated:
गर्मी के मौसम में ग्रामीण इलाकों में पानी को ठंडा रखने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाते हैं. इंतजाम ऐसा होता है कि तपती धूप में भी पानी ठंडा बना रहता है. खेत में काम करने वाले, जंगल जाने वाले या घर पर रहने वाले लोग, सब इस तरीके का इस्तेमाल करते हैं. यही वजह है कि गांवों में आज भी मटका और भीगा कपड़ा पानी ठंडा रखने का सबसे भरोसेमंद उपाय माना जाता है.
गर्मी का मौसम आते ही सबसे बड़ी परेशानी ठंडा पानी पीने की होती है. शहरों में लोग सीधे फ्रिज का सहारा लेते हैं, लेकिन ग्रामीण अंचल में आज भी लोग देसी तरीकों पर भरोसा करते हैं. यहां के लोग मानते हैं कि तेज धूप में सीधे फ्रिज का बर्फ जैसा ठंडा पानी पीना शरीर के लिए ठीक नहीं होता. इसलिए वे ऐसे देसी जुगाड़ अपनाते हैं, जिनसे पानी लंबे समय तक ठंडा भी रहता है और शरीर को आराम भी देता है. खास बात यह है कि इन तरीकों में न बिजली की जरूरत पड़ती है और न कोई खर्चा होता है. सिर्फ मिट्टी का बर्तन, बोरी, कपड़ा और पानी. इन्हीं से ऐसा इंतजाम कर लिया जाता है कि तपती धूप में भी पानी ठंडा बना रहता है.
मटका और भीगी बोरी का कमाल
ग्रामीण इलाकों में ज्यादातर घरों में मिट्टी का मटका जरूर मिलता है. इस मटके के बाहर जूट की बोरी या मोटा कपड़ा कसकर लपेट दिया जाता है. फिर उस बोरी को पानी से अच्छी तरह भिगो दिया जाता है. जैसे-जैसे बोरी सूखती है. मटके का पानी अपने आप ठंडा होता जाता है. यह प्राकृतिक तरीका है, जिसमें भीगे कपड़े से पानी उड़ता है और उसी प्रक्रिया में अंदर का पानी ठंडा हो जाता है. लोग बताते हैं कि मटके का पानी देर तक ठंडा रहता है और स्वाद में भी मीठा लगता है. बिजली न होने पर भी यह तरीका पूरे दिन काम करता है. यही कारण है कि आज भी गांवों में मटका सबसे बड़ा ‘देसी फ्रिज’ माना जाता है.
बोतल पर लपेट देते हैं कपड़ा
जो लोग खेत या जंगल में काम करने जाते हैं, वे अपने साथ बड़ी पानी की बोतल रखते हैं. बोतल के ऊपर मोटा कपड़ा या गमछा लपेटकर उसे पानी से गीला कर देते हैं. धूप में चलते-चलते थोड़ी ही देर में बोतल का पानी ठंडा हो जाता है. यह तरीका इतना आसान है कि कहीं भी अपनाया जा सकता है. ग्रामीणों का मानना है कि इस तरह ठंडा किया गया पानी शरीर के अनुकूल रहता है. तेज धूप से आने के बाद इसे पीने से राहत मिलती है, जबकि फ्रिज का बहुत ठंडा पानी अचानक शरीर पर असर डालता है. इसलिए गांवों में लोग आज भी इस देसी जुगाड़ को ज्यादा बेहतर मानते हैं.