सागर के गोपालगंज थाना क्षेत्र के कृष्णगंज वार्ड में शनिवार को एक सूने मकान में चोरों ने सेंध लगाई। चोर मकान से सामान और गहने ले गए है। परिवार रामेश्वरम तीर्थ यात्रा पर गया है। पड़ोसियों ने दरवाजे खुले देखे तो वारदात सामने आई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। जानकारी के अनुसार, कृष्णगंज वार्ड बिजासन मंदिर के पास रहने वाले नंदराम आठिया अपनी पत्नी और बेटी के साथ रामेश्वरम तीर्थ यात्रा पर गए हैं। इस दौरान उनके मकान में ताला लगा था। चोरों ने मकान सूना होने का फायदा उठाया और ताला तोड़कर अंदर घुस गए। घर में सामान फैला पड़ा है। वारदात सामने आने पर पड़ोसियों ने नंदराम आठिया को सूचना दी है। वे रामेश्वरम से वापस लौट रहे हैं। मकान मालिक के आने पर ही वारदात में चोरी गए सामान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मामला जांच में लिया है।
Source link