श्योपुर12 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
कोतवाली में मौजूद डीईओ व बाबू समेत दूसरा पक्ष।
- श्री हजारेश्वर हासे स्कूल के प्राचार्य के चार्ज को लेकर विवाद, पहले मारपीट का आरोप लगाया फिर राजीनामा किया
- रविवार को डीईओ के बंगले पर श्रीहजारेश्वर स्कूल के प्राचार्य प्रमोद सिंह सिकरवार के चार्ज को लेकर शिक्षक के भाई दिनेश सिकरवार ने स्थापना शाखा के बाबू से मारपीट का मामला
हजारेश्वर स्कूल के प्राचार्य की कुर्सी को लेकर चल रहा विवाद इतना बढ़ गया है कि अब शिक्षा विभाग के कर्मचारी ही दो गुटों में बंट गए हैं। एक-दूसरे से विवाद और मारपीट के आरोप तक लग रहे हैं। रविवार को डीईओ के बंगले पर श्रीहजारेश्वर स्कूल के प्राचार्य के चार्ज को लेकर शिक्षक के भाई ने स्थापना शाखा के बाबू से मारपीट का मामला सामने आया। इसे लेकर डीईओ और बाबू केस दर्ज कराने कोतवाली पहुंच गए। अब विवाद बढ़ते देख डीईओ का कहना है कि वह तो छुट्टी पर जा रहे हैं।
रविवार को डीईओ वकील सिंह रावत के बंगले पर हाईकोर्ट व ज्वाइंट डायरेक्टर के आदेश पर श्रीहजारेश्वर स्कूल के प्राचार्य के चार्ज की मांग कर रहे प्रमोद सिंह सिकरवार के भाई दिनेश सिकरवार पहुंच गए। यहां डीईओ के साथ स्थापना शाखा के बाबू शनि मंगल भी मौजूद थे। दिनेश सिकरवार ने जब बाबू से कहा कि वह आदेश पर अमल करते हुए उसे आगे क्यों नहीं बढ़ा रहे हैं तो दोनों के बीच विवाद हो गया।
इस विवाद में बाबू ने दिनेश सिकरवार पर मारपीट के आरोप लगाए। विवाद बढ़ने के साथ ही डीईओ वकील सिंह रावत बाबू को लेकर कोतवाली पहुंच गए और दिनेश सिकरवार के खिलाफ एफआईआर कराने के लिए आवेदन दे दिया। इसी बीच मौके पर शिक्षक प्रमोद सिंह सिकरवार व उनके भाई दिनेश सिकरवार भी कोतवाली पहुंचे और बाबू के साथ राजीनामा कर लिया गया।
इस मामले में डीईओ रावत के बंगले पर आधी रात को फेंके गए पत्थर
इस मामले में सिर्फ विभागीय कर्मचारी ही एक-दूसरे से नहीं भिड़ रहे है बल्कि वह डीईओ को भी नही छोड़ रहे हैं। जानकारी के अनुसार बीती रात डीईओ वकील सिंह रावत के बंगले पर भी पत्थर फेंके गए। हालांकि इसे लेकर डीईओ ने कहा कि वह किसी शराबी का काम था। लेकिन विभाग में चर्चा यह है कि इन दोनों ही गुटों में से किसी एक में शामिल लोगों के द्वारा यह पत्थरबाजी डीईओ के बंगले पर की गई।
मुझे अब इस संबंध में कोई शिकायत नहीं
हमारी आपसी मामला था जो अब खत्म हो चुका है। अब इस बारे में और कुछ भी नहीं कहना चाहता हूं। मुझे अब इस संबंध में किसी से और कोई भी शिकायत नहीं हैं।
शनि मंगल, बाबू, शिक्षा विभाग श्योपुर
यह हमारे परिवार का मामला है सुलझा लिया गया है
हाईकोर्ट के स्टे पर जेडी के द्वारा भी आदेश दिए जा चुके हैं। इसके बाद भी मुझे चार्ज नही दिया जा रहा है। बाबू के मामले में जो कुछ भी हुआ, वह हमारे परिवार का मामला है। इसे हमने सुलझा लिया है।
प्रमोद सिंह सिकरवार, शिक्षक, हजारेश्वर स्कूल
यह है पूरा मामला… चार्ज को लेकर चल रहा टकराव
कुछ दिन पहले जेडी ने श्रीहजारेश्वर स्कूल के प्रभारी प्राचार्य प्रमोद सिंह सिकरवार को व्याख्याता न मानते हुए लैब सहायक पद पर बड़ौदा में तैनात कर दिया था। इस पर प्रमोद सिंह सिकरवार जेडी के आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट से स्टे लेकर आ गए। स्टे लाने के साथ ही शिक्षा विभाग द्वारा नियुक्त किए गए प्राचार्य मनोज पाराशर से भी तीन दिन पहले उनकी भिड़ंत हो गई थी।
तब डीईओ ने यह कहते हुए मामला शांत करा दिया गया कि हाईकोर्ट के स्टे पर वह जेडी से बात करते हुए प्रमोद सिंह सिकरवार को चार्ज दिला देंगे। इसके बाद जेडी ने भी हाईकोर्ट के स्टे को मानते हुए प्रमोद सिंह सिकरवार के हक में आदेश जारी करते हुए उन्हें पूर्व के पद पर तैनात करने के आदेश डीईओ को दिए। इस पर डीईओ ने भी आदेश जारी कर दिए, पर उक्त आदेशों को आगे नही बढ़ाया गया। ऐसे में प्रमोद सिंह काे चार्ज नहीं मिला।
मैंने आदेश जारी कर दिए, सोमवार को दिलाएंगे चार्ज
मेरे बंगले पर जो भी घटना हुई, वह विभाग का मामला है। हाईकोर्ट के स्टे पर जेडी के आदेश के साथ ही मैंने भी आदेश जारी कर दिए। लेकिन छुट्टी के दिन चार्ज नहीं दिलाया जा सकता है। इन्हें सोमवार को चार्ज दिला देंगे।
वकील सिंह रावत, डीईओ, श्योपुर