धार्मिक नगरी चित्रकूट में शनिवार शाम मंदाकिनी नदी के रामघाट पर आरती के दौरान एक नाव पलट गई। नाव में सवार दिल्ली के कुछ श्रद्धालु नदी में गिर गए। हालांकि, पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी को सुरक्षित बचा लिया गया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। यह घटना एमपी-यूपी सीमा पर स्थित रामघाट पर शाम करीब 7:10 बजे हुई। दिल्ली से आए श्रद्धालुओं का एक समूह संध्याकालीन आरती देखने के लिए नाव में सवार था। कटरा गुदर (यूपी) निवासी नाव चालक रमेश केवट की नाव अचानक असंतुलित होकर पलटने लगी। पुलिस और लोकल नाविकों ने तुरंत लगाई छलांग
नाव पलटने के तुरंत बाद, मौके पर तैनात पुलिस जवानों और स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू कर दिया। यूपी पुलिस के सिपाही शिवम मिश्रा, रविंद्र राठौर, जंग बहादुर और लल्लू बिन्द ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने स्थानीय नाविकों और नागरिकों की सहायता से सभी श्रद्धालुओं को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव पलटते ही घाट पर चीख-पुकार मच गई थी। बचाई गई महिलाओं में से एक की पहचान नई दिल्ली के चितरंजन पार्क निवासी सुनीता प्रेहान, पत्नी नरेंद्र प्रेहान के रूप में हुई है। अन्य श्रद्धालु भी सुनीता के परिवार के सदस्य बताए गए हैं। इस घटना के बाद रामघाट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरती के समय भारी भीड़ होती है, ऐसे में नावों की संख्या और सुरक्षा मानकों की नियमित जांच आवश्यक है।
Source link