बालाघाट में गैस के लिए धूप में लंबी लाइन: उपभोक्ता परेशान, बुकिंग के बाद भी तय समय पर नहीं मिल रहा सिलेंडर – Balaghat (Madhya Pradesh) News

बालाघाट में गैस के लिए धूप में लंबी लाइन:  उपभोक्ता परेशान, बुकिंग के बाद भी तय समय पर नहीं मिल रहा सिलेंडर – Balaghat (Madhya Pradesh) News




बालाघाट में गैस की पर्याप्त आपूर्ति के दावों के बावजूद, उपभोक्ता भीषण गर्मी में सुबह से दोपहर तक गैस के लिए लाइन लगाने को मजबूर हैं। इस स्थिति से उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है। उनकी नाराजगी का एक मुख्य कारण यह भी है कि घंटों लाइन में लगने के बाद उन्हें पता चलता है कि गैस सिलेंडर केवल उन उपभोक्ताओं को दिए जा रहे हैं जिन्होंने एक सप्ताह पहले बुकिंग की थी। इससे बच्चे, युवा, बुजुर्ग और महिलाएं मायूस होकर लौटने को मजबूर हैं। दरअसल, बालाघाट में गैस एजेंसियों पर हो रहे विवादों के बाद गैस वितरण की व्यवस्था कोतवाली और उसके सामने से शुरू की गई है। यहां उपभोक्ता सुबह से गैस के लिए लाइन लगा रहे हैं। हालांकि, घंटों बाद गैस लेकर पहुंचने वाले एजेंसी कर्मी बताते हैं कि केवल पूर्व दिवस में की गई बुकिंग वालों को ही गैस टंकी मिलेगी। इससे इंतजार कर रहे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग के समय आने वाले ओटीपी में ही गैस मिलने का दिन या तिथि का उल्लेख हो जाए तो उन्हें यहां आकर चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। या फिर, गैस वितरण केंद्र (कोतवाली के सामने) पर एक बोर्ड पर यह जानकारी चस्पा कर दी जाए कि आज किस तिथि में बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को गैस मिलेगी। इससे उपभोक्ता परेशान नहीं होंगे। उपभोक्ता संजय बुढेकर ने बताया कि उन्होंने 4 अप्रैल को बुकिंग की थी, लेकिन आज सुबह से लाइन में लगने के बाद एजेंसी कर्मी ने बताया कि गैस 2 अप्रैल को बुकिंग किए उपभोक्ताओं को मिलेगी। जिससे उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। पूर्व पार्षद कुंवरसिंह लाखा ने भी कहा कि यदि ओटीपी में गैस प्रदाय दिवस की जानकारी दे दी जाए तो शहर और गांव-गांव से गैस सिलेंडर लेने की आस में आ रहे उपभोक्ताओं को परेशानी नहीं होगी। उन्होंने बताया कि बच्चे से लेकर युवा, बुजुर्ग और महिलाएं अपना काम छोड़कर लाइन में लगने को मजबूर हैं।



Source link