सांसद का ग्राउंड कनेक्शन, VIP कल्चर छोड़ सड़क किनारे बाल कटाने बैठे डॉ राजेश मिश्रा, देखें Video
रिपोर्ट- हरीश द्विवेदी, सीधी. मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र में सियासत का एक अलग ही रंग देखने को मिला, जहां सीधी संसदीय सीट से
बीजेपी सांसद डॉ राजेश मिश्रा ने वीआईपी कल्चर को दरकिनार कर आम आदमी की जिंदगी को करीब से महसूस किया. सड़क किनारे झोपड़पट्टी में बैठे एक नाई से बाल कटवाते उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बिना किसी प्रोटोकॉल और तामझाम के सांसद के बाल कटवाने का यह अंदाज चर्चा में है. सवाल यह है कि क्या यह सादगी है, जमीनी जुड़ाव है या फिर बदलती राजनीति की नई तस्वीर. दरअसल सांसद डॉ राजेश मिश्रा मॉर्निंग वॉक से लौट रहे थे कि तभी उनकी नजर सड़क किनारे खाली बैठे एक नाई पर पड़ी. उन्होंने बिना देर किए वहीं बैठकर बाल कटवाने का फैसला किया. इस दौरान नाई खुद हैरान रह गया कि उसके पास देश का एक सांसद बाल कटवाने पहुंचा है. सांसद डॉ राजेश मिश्रा ने कहा कि उन्होंने कभी बड़े सैलून में जाकर बाल या दाढ़ी नहीं कटवाई. छात्र जीवन से ही वह इसी तरह साधारण तरीके से बाल कटवाते रहे हैं. इस अनुभव के जरिए उन्होंने सड़क किनारे काम करने वाले नाइयों की समस्याओं और संघर्ष को करीब से समझा. उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि का दायित्व सिर्फ भाषण देना नहीं बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना और उसकी स्थिति को समझना भी है.