गोहद15 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
गोहद के प्रजापति मोहल्ले में खुदी सड़क ।
- पाइप लाइन बिछाने के लिए खोद दी सड़क, मेंटेनेस कराया नहीं
नगर पालिका गोहद द्वारा नगर के वार्डों में पानी सप्लाई के लिए पानी की पाइप लाइन बिछाई जा रही है। लेकिन नगर के प्रजापति मोहल्ले में नपा कर्मचारियों ने पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क तो खोद दी लेकिन उन्होंने न तो पाइप बिछाए और न ही गड्ढों को बंद किया है। इस कारण से कॉलोनी के लोगों को अवागमन में परेशानी हो रही है। इस संबंध में स्थानीय लोगाें ने नपाधिकारियाें को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दो दिन में पाइप लाइन नहीं बिछाई गई तो हम लोग धरने पर बैठ जाएंगे।
गौरतलब है कि नगर की जिन कॉलोनियों में पानी सप्लाई के लिए पाइप लाइन नहीं बिछी थी, वहां पर पाइप लाइन बिछाने का काम नगर पालिका द्वारा पिछले दस दिनों से किया जा रहा है। दो रोज पहले नगर प्रजापति मोहल्ले में लाइन बिछाने का काम नगर पालिका कर्मचारियों ने शुरू किया। इस दौरान उन्होंने सर्वोदय स्कूल से प्रजापति मोहल्ला होते हुए पूर्व नपाध्यक्ष प्रेमनारायण माहोर के घर पर लाइन बिछाने के लिए सड़क खोदी, लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद कर्मचारियों ने न तो पाइप बिछाए हैं और न ही खुदी हुई सड़क को बंद किया है। इस कारण से कॉलोनी के लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
हादसे का सता रहा है डरःरविवार को पाइप बिछाने की मांग करते हुए कॉलोनी के लोगों ने कहा कि सड़क खुदी होने से हम लोगों को हादसे का डर सता रहा है। रात के समय कॉलोनी की सड़कों पर प्रकाश की व्यवस्था नहीं होने से अंधेरा रहता है, ऐसे में कोई भी व्यक्ति खुदे हुए गड्ढों में गिरकर घायल हो सकता है। वहीं इस संबंध में पाइप लाइन का काम देख रहे नपा कर्मचारियों का कहना है कि एक-दो दिन में काम पूरा कर लिया जाएगा।